देश

नौ महीने के बाद बांग्लादेश और भारत के बीच ट्रेन की सेवा शुरू

 

नई दिल्ली

बांग्लादेश में हिंसा और सियासी संग्राम के बीच भारत ने ट्रेनें रद्द कर दी थीं। 9 महीने के बाद एक बार फिर भारत और बांग्लादेश के बीच मालगाड़ी की सेवा शुरू हुई है। गुरुवार को बांग्लादेश के दीनाजपुर के बाइरोल रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी पहुंची। बांग्लादेश की रेलवे ने इसकी पुष्टि की है। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक दिनाजपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर मोहम्मद जियाउर रहमान ने कहा कि गुरुवार रात 10:30 बजे मालगाड़ी पहुंची।

यह रेल सेवा बाइरोल बॉर्डर से होकर शुरू हुई है। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के राधिकापुर स्टेशन से यह मालगाड़ी रवाना हुई थी। बांग्लादेश में सामान उतारने के बाद इसी रूट से ट्रेन भारत वापस लौटेगी। बांग्लादेश में पिछले साल जुलाई में हिंसा के बाद यात्री रेल और मालगाड़ी की सेवा निलंबित कर दी गई थी। अब भी यात्रियों के लिए रेल सेवा नहीं शुरू हो पाई है।

भारत और बांग्लादेश के बीच मैत्री एक्सप्रेस चलती थी जिसे हिंसा के चलते रद्द कर दिया गया था। इसके अलावा सप्ताह में दो दिन बंधन एक्सप्रेस का संचानल किया जाता था। इन दोनों ट्रेनों की सेवाएं अब तक शुरू नहीं हो पाई हैं। ढाका से जलपाइगुड़ी के बीच मिताली एक्सप्रेस चलती थी। यह ट्रेन भी अगले आदेश तक बंद है।

बता दें कि शेख हसीना की सरकार के खिलाफ पहले छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। इस आंदोलन ने कब सियासी रूप ले लिया पता ही नहीं चला। शेख हसीना को इस्तीफा देना पड़ा। भारत ने हसीना को शरण दी। उधर बांग्लादेश में तख्तापलट हो गया और मोहम्मद यूनुस के अंतरिम सरकार का मुख्य सलाहकार नियुक्त कर दिया गया। नई सरकार में अल्पसंख्यकों को जमकर निशाना बनाया गया और मंदिरों में तोड़फोड़ की गई। बांग्लादेश में हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button