खेल

ईशान किशन की ये 5 खूबियां उन्हें बना रहीं बड़ा खिलाड़ी, धोनी के कोच भी हुए खेल के मुरीद

ईशान किशन (Ishan Kishan) भविष्य का सितारा है, बस जरूररत है अपने टेंपरामेंट को बरकरार रखने की। सभी को पता है कि हर दिन शतक नहीं बनता, इसलिए अपने विकेट की अहमियत को समझते हुए टीम के लिए स्कोर करने की जरूरत होती है। ईशान ने इस पारी में दिखाया कि उसमें तेज खेलने की उत्सुकता है तो जरूरत पड़ने पर वह धैर्य के साथ भी खेल सकता है। महेंद्र सिंह धोनी के कोच के.आर. बनर्जी ने ईशान की पारी देखने के बाद हिन्दुस्तान से अपने विचार साझा किए।

हिन्दुस्तान ने उनसे ईशान की खूबियां जानीं। बनर्जी ने कहा कि ईशान की पांच खूबियां हैं, जो उसे बड़ा खिलाड़ी बनाती हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों का भरोसा है कि ईशान ओपनिंग कर सकता है तो जाहिर है कि उसमें काबिलियत है। वह हर मैच को खास मानकर खेलता रहा तो वह वर्ल्डकप टीम का हिस्सा जरूर बनेगा। केआर बनर्जी ने ईशान के विशेष पहलुओं पर जानकारी साझी की। 

जिनके टिप्स से धौनी महान बने, वहीं बता रहे हैं क्यों हैं ईशान खास

Related Articles

1. धोनी की तरह डेयरडेविल

धोनी की तरह ईशान डेयरडेविल प्लेयर हैं। बाउंसर को भी आराम से पुल और हूक खेलते हैं। सामने कौन और कितना खतरनाक गेंदबाज है, इसकी परवाह किए बगैर अपने शॉट पर भरोसा करना बड़े खिलाड़ी की पहचान है। नए गेंद से कई बार नए खिलाड़ी को परेशानी होती है, पर ईशान के साथ ऐसा नहीं दिखता है। वह आराम से अपने शॉट खेलते हैं, यह दूसरे खिलाड़ी से अलग करता है।

2. अप्रोच में बदलाव शुभ संकेत

ईशान किशन के अप्रोच में बदलाव आया है, जो शुभ संकेत है। रांची में नौ अक्तूबर को मैच में वह 93 रन पर बेकार ढंग से आउट हुए थे। वह तब शतक कर सकते थे, मैच भारत की झोली में थी, लेकिन जल्दबाजी कर गए। आज के मैच में 96 के बाद उन्होंने अप्रोच बदला और इतिहास रच गए। यह उनके करियर के साथ भविष्य के भी खिलाड़ियों को सिखाएगा कि खेल में सब्र बेहद जरूरी है।

3. लेफ्ट हैंडर होना एडवांटेज

ईशान किशन बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। अमूमन गेंदबाजों को दाएं हाथ के बल्लेबाजों की तुलना में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को गेंद डालने में परेशानी होती है। इसका फायदा ईशान खूब उठाते हैं। फ्लैट गेंद हो या बाउंसर, वह आसानी से अपने शॉट खेल पाते हैं।

4. विकेट पर तेज होना

एक अच्छे बल्लेबाज को विकेट पर सिंगल या डबल रन लेने में तेज होना चाहिए। यह खूबी ईशान में है। हालांकि वह चौके या छक्के पर ज्यादा भरोसा करते हैं, लेकिन वह रन लेने में भी सुस्त नहीं हैं, जो अच्छे खिलाड़ी की पहचान है। धोनी में भी यह खासियत थी।

5. विकेटकीपर होना लाभदायक

ईशान किशन के पास एक और फायदा उनका विकेटकीपर होना है। एक बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने खुद को साबित कर दिया है। विकेटकीपिंग भी उनकी अच्छी है। बहुत कुछ कीपिंग में भी धौनी सा भी है। वर्ल्डकप या दूसरे बड़े टूर्नामेंट में उनके लिए कीपिंग फायदेमंद साबित होगी।
 

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button