राजनीति

 भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस भरा जोश,अब चलाएगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

भोपाल
 कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब पार्टी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी। 26 जनवरी 2023 से दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्र्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर पत्र लिखा है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि हमें केंद्रीय संगठन के दिशानिर्देश प्राप्त हुए हैं। उसके अनुरूप तैयारियों को लिए सोमवार या मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें कार्ययोजना बनाई जाएगी। सूत्रों का कहना है कि पार्टी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले जनसमर्थन से उत्साहित है। इसे बरकरार रखने के लिए लगातार कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार होगा। इसमें 26 जनवरी से दो माह तक सभी ग्राम पंचायत और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। प्रत्येक ब्लाक में एक माह पदयात्रा चलेगी और हर गांव में बैठक का आयोजन होगा। घर-घर जनसंपर्क कर केंद्र की मोदी सरकार की असफलताएं बताईं जाएंगी और भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य और उससे संबंधित भावनात्मक वीडियो दिखाएं जाएंगे। अधिक से अधिक व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए गांव स्तर पर इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।

प्रत्येक जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सहित राज्य के सभी वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस अभियान का समापन कार्यकर्ता महासंगम से होगा। इस महारैली को पार्टी के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्तर के नेता संबोधित करेंगे। युवाओं पर केंद्रित भारत जोड़ो मेला का आयोजन भी राज्य स्तर पर किया जाएगा। अभियान की योजना बनाने के लिए राज्य स्तर पर 15 से 19 दिसंबर के बीच बैठकें होंगी। जबकि, जिला स्तर पर 20 से 24 दिसंबर और ब्लाक स्तर पर 26 से 29 दिसंबर के बीच बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button