
राजकुमार कॉलेज, रायपुर में ऑल इंडिया आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट एवं तीरंदाजी शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह दोपहर 12 बजे राजकुमार कॉलेज के जशपुर हॉल में राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि राजा त्रिबिक्रमचंद्र देब बरम्बा के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई। राजकुमार कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन दिया, जबकि मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिताओं के शुभारंभकी औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट ‘नाद संगम’ 2026 के अंतर्गत भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों की एकल प्रस्तुतियाँ, भारतीय तालवाद्यों की एकल प्रस्तुतियाँ, समूह लोकगीत, भारतीय वाद्ययंत्रों की अर्ध-शास्त्रीय जुगलबंदी, भारतीय शास्त्रीय गायन की एकल प्रस्तुतियाँ तथा भारतीय शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं।
ऑल इंडिया आईपीएससी तीरंदाजी शूटिंग चैंपियनशिप 2026 के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के बीच प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। एक ओर जहाँ तीरंदाजी में प्रतिभागियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं शूटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी निशानेबाजी के हुनर से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।
ज्ञात हो कि राजकुमार कॉलेज, रायपुर में 28 अक्टूबर 2026 तक ऑल इंडिया इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस (IPSC) के अंतर्गत म्यूजिक फेस्ट 2026, बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप तथा बालक-बालिका शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आईपीएससी से संबद्ध 29 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भाग लेने के लिए रायपुर पहुँच चुकी हैं।







