
रायपुर, 10 जून। जिले में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु तक के 3.45 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाई जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 1331 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे, जहां बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई जाएगी। अभियान के बाद अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं अन्य विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।“दो बूंद जिंदगी की” — स्वस्थ बचपन की सबसे बड़ी सुरक्षा।






