![](https://khabarbhoomi.com/wp-content/uploads/2022/11/download-2022-11-10T152932.786.jpg)
रायपुर। लिफ्ट हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बुरी तरह से लिफ्ट में फंसे युवक को बचने का मौका नहीं मिला। इसमें अटक जाने की वजह से युवक की जान चली गई। ये घटना शहर के थोक मार्केट डूमरतराई में हुई। गुरुवार दोपहर हुए हादसे के बाद मौके पर माैजूद लोगों ने पुलिस को बुलाया। अब घटना स्थल पर जांच की जा रही है।
माना थाने की पुलिस हादसे की जानकारी बाजार के लोगों से ले रही है। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक यहां प्रकाश यादव नाम का युवक आया था। प्रकाश भनपुरी का रहने वाला था। वो अक्सर थोक मंडी में आया करता था। गुरुवार को यहां माल एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर पर पहुंचाने वाली लोहे की खुली लिफ्ट में फंस गया।
प्रकाश का पैर उस वक्त लिफ्ट की खाली जगह पर चला गया जब लिफ्ट नीचे की तरफ जा रही थी। लिफ्ट में फंसने की वजह से, लिफ्ट का प्रेशर प्रकाश के शरीर पर पड़ा वो खींचता चला गया। लिफ्ट के साथ नीचे चला गया। उसकी दोनों टांगे फंस गईं, वो निकलने का प्रयास करता रहा मगर सिर फर्श से टकरा गया, उसके शरीर में फ्रैक्चर हो गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बड़ी मुश्किल से उसके शरीर को बाहर निकाला जा सका।
रायपुर के अंबुजा मॉल में भी हादसा हुआ था। अचानक लिफ्ट गिर जाने से 8 लोग घायल हो गए थे। हादसा उस वक्त हुआ जब खरीदारी के लिए लोग बेसमेंट पार्किंग से ऊपर चढ़ रहे थे। लिफ्ट में एक छह सदस्यीय परिवार में बच्चे भी शामिल थे, जानलेवा हादसे में वे बाल- बाल बचे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
रायपुर के देवपुरी इलाके में पिछले साल एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। ये केस भी लिफ्ट से जुड़ा था। मृतक मनोज भलाधरे ने दवा व्यापारी दिलीप रहेजा की दुकान में लिफ्ट लगाई थी, लेकिन कुछ दिन बाद उस लिफ्ट में खराबी आ गई थी जिसके बाद उसे रिपेयर करने के लिए बुलाया गया था। लिफ्ट खराब होने की सूचना मिलने के बाद भलादरे अपने बेटे के साथ दवा दुकान पर पहुंचे और लिफ्ट रिपेयर करने लगे। इसी दौरान दवा व्यापारी के दो लड़कों ने भलादरे पर लिफ्ट की क्वॉलिटी पर बहस की और पीट-पीटकर उसे मारडाला।