
रायपुर । राजधानी रायपुर के जयस्तम्भ चौक स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शनिवार को आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की तत्परता और फायर टीम की सक्रियता के चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि भवन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है|
बचाव एवं राहत कार्य में एसडीएम श्री नंद कुमार चौबे, जिला सेनानी नगर सेना श्री पुष्पराज सिंह, रायपुर तहसीलदार श्री राममूर्ति दीवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार सक्रिय रहे।प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।






