देश

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर, मध्यप्रदेश में तापमान में गिरावट जारी

नई दिल्ली
आज यानी 15 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर लौटने की आशंका है। वहीं, पंजाब, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में बारिश के भी आसार हैं, जिससे तापमान और नीचे गिर सकता है। आइए जानते हैं कि उत्तर भारत के किस राज्य में अगले पांच दिन तक कैसा मौसम रहेगा? हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में क्या होगा?

 दिल्ली-एनसीआर में गलन बढ़ेगी, बर्फीली हवाएं करेंगी परेशान
दिल्ली-एनसीआर में आज से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बर्फ से ढके पहाड़ों से बर्फीली उत्तरपूर्वी हवाएं पहले ही मैदानी इलाकों की ओर बहने लगी हैं। इससे पश्चिमी विक्षोभ, जिसने उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े क्षेत्रों में ठंड से राहत दिलाई थी, पीछे हटना शुरू हो गया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिलने से पहले उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में इस महीने के अधिकांश दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

यह पिछले 10 से 11 दिनों से भारत-गंगा के मैदानी इलाकों में घने कोहरे की परत और दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच एक बड़े अंतर के कारण था, जिसने बर्फ से ढके पहाड़ों से ठंडी हवाओं को सामान्य से अधिक समय तक चलने दिया। आने वाले दिनों में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में फिर से शीतलहर की स्थिति बनने की आशंका है। वहीं, मंगलवार से 20 जनवरी तक विभाग ने येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की है।

Related Articles

इसके पहले शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान भी 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार सुबह दिल्ली की हवा बेहद खराब रही। यहां AQI 337 दर्ज किया गया।

 यूपी में ठिठुरन बढ़ेगी, पारा गिरने का अनुमान
यूपी में 19 जनवरी तक भीषण ठंड की संभावना जताई गई है। इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यूपी में अब अगले पांच दिन कड़ाके की ठंड पड़ने के पूरे आसार हैं। पारा 2 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 16 से 19 के बीच सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। इस बीच, घने कोहरे की भी आशंका है।

यूपी के इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी : रायबरेली, लखनऊ, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, अंबेडकरनगर, संभल, बदायूं, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, जालौन, झांसी, फरुर्खाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, हमीरपुर, महोबा, बांदा, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज समेत पूर्वांचल के अधिकतर जिले।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट : सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, अमरोहा, रामपुर, आगरा, फिरोजाबाद समेत पश्चिमी यूपी के अधिकतर जिले।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय राज्यों में भारी बर्फबारी शुरू हो गई है। वहां से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में आगामी दो-तीन दिनों के दौरान 4 से 6 डिग्री तापमान में गिरावट संभव है। 16 से 19 जनवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनेगी। पश्चिमी यूपी में इससे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।
 
राजस्थान: शीतलहर का अनुमान, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

सूबे में अगले कुछ दिन कंपाने वाली सर्दी पड़ेगी। इससे रात का पारा सामान्य से नीचे आ जाएगा और अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन 16 शहरों में शीतलहर के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है।
 
बिहार: कोहरे के चादर से लिपटेगा बिहार, येलो अलर्ट जारी

प्रदेश के 11 शहरों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आलम ये है कि दिल्ली और जम्मू से भी ज्यादा असर देखने को मिल रहा। पटना, छपरा, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत 11 जिलों में तापमान धर्मशाला और कुल्लु से भी नीचे चला गया। मौसम वैज्ञानिकों ने 18 जनवरी तक बिहार में अधिकतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के समस्तीपुर, सारण, वैशाली, मोतिहारी, पूर्णिया सहित 20 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अररिया, सारण, किशनगंज को छोड़कर राज्य के सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
 
मध्य प्रदेश: तापमान में गिरावट जारी, शीतलहर की चेतावनी

भोपाल में शनिवार को तापमान में तेजी से गिरावट आई है। ठंड से थोड़ी राहत के बाद एक बार फिर शहर और राज्य में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 जनवरी तक तापमान में गिरावट आएगी, जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर होगा। इसके बाद रात के तापमान में वृद्धि होगी। वहीं, तापमान में गिरावट के बाद ठिठुरन बढ़ गई है।

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button