मध्यप्रदेश

संकल्प सुरक्षित पर्यटन अभियान को एक संस्थागत स्वरूप दिया जाएगा -प्रमुख सचिव शुक्ला

भोपाल में एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

भोपाल

संकल्प सुरक्षित पर्यटन अभियान को एक संस्थागत स्वरूप दिया जाएगा। जिससे यह सतत रूप से संचालित होता रहे और पर्यटन के क्षेत्र में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न हो। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला होटल पलाश में कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह प्रदेश में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और पर्यटकों के भीतर सुरक्षा की भावना विकसित करेगा।

प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि परियोजना में महिलाओं को पर्यटन सखी के रूप में गाइड, ड्राइवर, शेफ, नौका चालक, होटल एक्जीक्यूटिव, सुविनियर उत्पादक आदि कौशल में प्रशिक्षित किया जा रहा है। आगामी समय में प्रशिक्षित महिलाओं की म्यूजियम गाइड, सुरक्षा बंदोबस्त, मंदिर प्रबंधन आदि महत्वपूर्ण कार्यों में सेवाएँ ली जाएगी। वर्तमान में 10 हज़ार महिलाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य पूरा किया जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराए जाने के प्रयास किये जा रहे हैं जिससे अन्य महिलाएँ भी प्रेरणा लेकर पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार के लिए प्रेरित हो।

केन्द्रीय मंत्रालय महिला-बाल विकास विभाग द्वारा "निर्भया योजना" में इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। परियोजना का संचालन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा यूएन वूमेन, महिला-बाल विकास, नगरीय विकास एवं आवास विभाग और पुलिस बल के सहयोग से किया जा रहा है। परियोजना में चरणबद्ध तरीके से 50 पर्यटन स्थलों को 20 क्लस्टरों के रूप में विभाजित कर कार्य किया जाएगा। इसमें संबंधित हितधारकों के लिए प्रशिक्षण क्षमता निर्माण, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता सृजन, आईईसी, आत्म-रक्षा प्रशिक्षण, पर्यटन स्थलों का सुरक्षा की दृष्टि से अंकेक्षण और अधिक से अधिक कार्यशील महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित कर महिलाओं के लिए अनुकूल वातावरण निर्माण किया जाएगा।

कार्यशाला में संचालक (स्किल) मनोज सिंह, रवींद्रनाथ टैगोर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की प्रो वाइस चांसलर डॉ संगीता जौहरी, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर नगरीय विकास एवं आवास विभाग गुरमीत सिंह सलूजा, संयुक्त संचालक महिला-बाल विकास सुरेश तोमर, एडवाइजर आलोक चौबे सहित सहयोगी संस्था आधार, वसुधा, संगिनी और समर्थ आदि के प्रतिनिधि, महिलाएँ, पर्यटन सखी उपस्थित रहें।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button