केरियर

Ram Mandir Recruitment: CEO पद के लिए आवेदन शुरू, क्या है योग्यता, आयु सीमा और वेतन?

अयोध्या

अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर के लिए CEO नियुक्ति की वेकेंसी निकाली है. ट्रस्ट ने इस पद के लिए योग्य उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए आमंत्रित किया है, जो मंदिर के दैनिक कामकाज और वित्तीय प्रबंधन की देखरेख कर सके। 

ट्रस्ट की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, सीईओ पद के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख शनिवार, 18 जुलाई 2026 को शाम 4:00 बजे तक तय की गई है। 

राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के इच्छुक उम्मीदवार ईमेल (searchcommittee.srjbt@gmail.com) के जरिए अपना आवेदन भेज सकते हैं. इस पद के लिए पात्रता और योग्यता की शर्तें काफी सख्त रखी गई हैं. राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ सीधे जनरल सेक्रेटरी को रिपोर्ट करेंगे. आवेदक की सैलरी और सुविधाएं बातचीत के बाद तय की जाएंगी। 

ट्रस्ट का CEO बनने के लिए जरूरी योग्यताएं

    उम्र और अनुभव: राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के लिए उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए. इसके साथ ही उसे किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्थान, सरकारी विभाग या कंपनी में प्रबंधकीय जिम्मेदारियों का कम से कम 20 साल का अनुभव जरूर होना चाहिए। 

    शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम बैचलर्स डिग्री होना जरूरी है। 

    धार्मिक निष्ठा: पद के लिए आवेदन करने वाले का 'सनातनी हिंदू' होना अनिवार्य है और वो सक्रिय रूप से पूजा-पाठ करता हो. 'वैष्णव परंपरा' से ताल्लुक रखने वाले राम भक्तों को सिलेक्शन में तरजीह दी जाएगी। 

    भाषा का ज्ञान: उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना चाहिए. किसी मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्थान के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के रूप में काम करने का अनुभव रखने वाले रिटायर्ड अधिकारियों को खास तरजीह दी जाएगी। 

CEO सिलेक्शन के लिए बनाई गई कमेटी
ट्रस्ट ने चंदा चोरी मामले की बैठक के बाद ही सीईओ की नियुक्ति का फैसला किया था. इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए तीन सदस्यीय विशेष 'सर्च कमेटी' बनाई गई है. इस सर्च पैनल में रिटायर्ड जस्टिस प्रदीप कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकान्त चतुर्वेदी और श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट (शिरडी) के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हावड़े शामिल हैं। 

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी थी. उन्होंने बताया कि ये सर्च पैनल सभी आवेदकों की बारीकी से जांच करेगा और योग्य उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेगा. इसके बाद कमेटी अंतिम चयन के लिए ट्रस्ट के सामने तीन सबसे बेहतरीन उम्मीदवारों के नाम रखेगी, जिनमें से एक को सीईओ चुना जाएगा। 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button