
राज्यपाल रमेन डेका ने अंगदान और देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट दधीचि” के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले दानदाताओं को भी सम्मान प्रदान कर उनके मानवता सेवा के संकल्प की सराहना की गई।जिले में विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित “प्रोजेक्ट दधीचि” समाज में मानव सेवा और जीवनदान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायी अभियान बनकर उभरा है। अभियान के माध्यम से अब तक 86 लोगों ने अंगदान एवं देहदान का संकल्प लिया है, जो समाज के लिए एक सकारात्मक और संवेदनशील संदेश है।
राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि अंगदान और देहदान जैसे कार्य मानवता की सबसे बड़ी सेवा हैं। ऐसे अभियान समाज में जागरूकता लाने के साथ लोगों को जरूरतमंदों के जीवन बचाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने “प्रोजेक्ट दधीचि” को समाजहित में एक सराहनीय पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को अंगदान एवं देहदान के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की बढ़ती सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में मानव सेवा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।







