
रायपुर। राजधानी रायपुर में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैच के दौरान दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।गौरतलब है कि 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा, वहीं 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे। दोनों मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्टेडियम परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफिक प्लान तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि मैच आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, प्रभारी रायपुर ग्रामीण एसपी श्रीमती मनीषा ठाकुर, एडीएम श्री उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






