बिहार

PM किसान योजना की 24वीं किस्त से बिहार के किसानों को बड़ी राहत, खातों में पहुंचे 1,476 करोड़ रुपये

 पटना
 बिहार में रबी की खेती की तैयारी में जुटे 73 लाख किसानों के खातों में शुक्रवार को दो-दो हजार रुपये की राशि पहुंच गई। केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त के रूप में राज्य के किसानों को 1,476 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।

पीएम मोदी ने गुजरात से जारी की 24वीं किस्त
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त की राशि ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में भेजी। इसके साथ ही बिहार के लाखों किसानों को खेती की तैयारियों के लिए आर्थिक सहायता मिली है।

सालाना मिलते हैं छह हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। इसका उद्देश्य पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को कृषि और उससे जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान परिवार को सालाना छह हजार रुपये दिए जाते हैं। यह राशि दो-दो हजार रुपये की तीन समान किस्तों में आधार से जुड़े सक्रिय बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है।

बीज और खाद की खरीद में मिलती है मदद
पीएम-किसान योजना के तहत मिलने वाली राशि से किसान बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदानों की खरीद सहित खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। रबी फसलों की तैयारी के समय जारी हुई 24वीं किस्त से किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक मदद मिलेगी।

अब तक 33 हजार करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित
उल्लेखनीय है कि बिहार के किसानों के खातों में योजना की पिछली 23 किस्तों के माध्यम से अब तक 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। 24वीं किस्त जारी होने के बाद राज्य के किसानों को मिलने वाली कुल सहायता राशि में और बढ़ोतरी हुई है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button