
एमसीबी। संचालक महोदय रजत बंसल के निर्देशानुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर 21 जून 2026 की रात्रि में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) की तहसील केल्हारी अंतर्गत दंडहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा एवं हसदेव नदी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों की गहन जांच की गई। मौके पर उपलब्ध रेत की वास्तविक मात्रा का आकलन आधुनिक ड्रोन सर्वे तकनीक के माध्यम से किया गया। जांच में भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ सूचना जारी की गई है। अधिकारियों ने उन्हें तीन दिवस के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खनिज विभाग के अनुसार राज्य शासन द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पहुंचविहीन और संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन किया जा रहा है। इन क्षेत्रों की निगरानी हाईटेक ड्रोन सर्वे तकनीक के माध्यम से की जा रही है, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो।
इस संयुक्त जांच अभियान में केंद्रीय उड़नदस्ता की टीम के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी भाग लिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।






