मध्यप्रदेश

MP के लिए अगले 48 घंटे अहम, IMD ने जारी किया भारी से ज्यादा भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल
 मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। सूबे के अधिकांश हिस्सों में हो रही जोरदार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। इसकी वजह से कई जिलों में बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। मौसम विभाग का कहना है कि सूबे में अभी दो दिनों तक मौसम खराब रहेगा। IMD ने 15 और 17 सितंबर को सूबे के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर भारी से ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ वज्रपात का भी अलर्ट है।

मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों पर मौजूद है। इसके अगले 3-4 दिनों के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात की ओर बढ़ने की संभावना है। यही नहीं एक मानसूनी ट्रफ एमपी के गुना, सतना और राजस्थान के बीकानेर, कोटा से झारखंड के जमशेदपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जाती नजर आ रही है।

कुल मिलाकर सूबे में भारी बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। सूबे के भोपाल, जबलपुर, बालाघाट, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह से बारिश शुरू हो गई है। छिंदवाड़ा में तो बीते 10 घंटे से तेज बारिश हो रही है। झमाझम बारिश से वैनगंगा नदी उफान पर है। नर्मदा का जलस्तर भी बढ़ गया है। पेंच नदी की लहरें भी डराने लगी हैं। इससे जबलपुर, नर्मदापुरम समेत अन्य जिलों में बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। कई इलाकों में बाढ़ की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Related Articles

मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार हैं। अगले 24 घंटे की बात करें तो मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, रायसेन, आगर, शाजापुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, श्योपुरकलां, विदिशा और सागर जिलों के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर भोपाल और आस-पास के इलाकों में भारी से ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने इंदौर और आस-पास के इलाकों में भी भारी से ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं जबलपुर, कटनी, बालाघाट, उज्जैन, बड़वानी, खरगोन, नीमच, पन्ना, दमोह, झाबुआ और गुना समेत कई अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं। सूबे के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि जिस मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से सूबे में झमाझम बारिश हो रही है वह 18 सितंबर तक एक्टिव रहेगा। इसके बाद फिर एक मानसूनी सिस्टम के एक्टिव होने के आसार हैं। 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button