देश

दिल्ली और मुंबई में एक साथ पहुंचेगा मानसून, राजधानी में रात से हो रही झमाझम बारिश

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में देर रात से बारिश जारी है। बारिश में दिल्ली के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। वहीं, इस बार मानसून भी चौंकाने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का दावा है कि देश के पश्चिमी छोर पर समुद्र के किनारे स्थित मुंबई और राजधानी दिल्ली में मानसून एक साथ दस्तक देगा। इसके 26 जून तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली में आरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मानसून अब तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा
आम तौर पर यह एक जून तक केरल, 11 जून तक मुंबई और 27 जून तक दिल्ली पहुंचता है। आइएमडी के वरिष्ठ विज्ञानी डीएस पई के मुताबिक, बीते दिनों आए चक्रवात बिपर्जय के कारण इस पर असर पड़ा है।आइएमडी के मुताबिक, धीमी शुरुआत के बाद मानसून अब तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।

मानसून निर्धारित समय से 10-12 दिन पीछे चल रहा
मध्य भारत में मानसून निर्धारित समय से 10-12 दिन पीछे चल रहा है। महाराष्ट्र, पूरे कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, बंगाल, झारखंड व बिहार के कुछ हिस्सों सहित कई क्षेत्रों में पहुंच गया है। दक्षिण पश्चिमी मानसून के पहुंचने के कारण शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी वर्षा हुई।

दो दिनों में दिल्ली-हरियाणा में दस्तक देगा मानसून
अगले दो दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ दिल्ली में भी पहुंचने की संभावना है। मानसून छत्तीसगढ़ से होता हुआ शनिवार को मप्र पहुंच गया। रविवार को सागर, नर्मदापुरम, शहडोल, रीवा, भोपाल, उज्जैन, इंदौर एवं जबलपुर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला पांच दिनों तक चल सकता है। इस दौरान आलीराजपुर, झाबुआ एवं सागर जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।

पूर्वी उप्र में आकाशीय बिजली से दस लोगों की मौत
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन के साथ ही भारी बारिश और आकाशीय बिजली से मौतों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शनिवार को सोनभद्र, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दस लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग झुलस गए। सर्वाधिक चार-चार मौतें सोनभद्र व गाजीपुर में हुई हैं।

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button