खेल

हेड टू हेड में चेन्नई सुपरकिंग्स आगे, जानें संभावित प्लेइंग इलेवन

 हैदराबाद

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 27वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से 18 अप्रैल को होगा। SRH ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं। 2 मैच में उसे जीत मिली है और 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। CSK ने भी 5 मुकाबले खेले हैं और उसे भी 2 में जीत और 3 मुकाबलों में हार मिली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।

SRH के खिलाफ CSK का पलड़ा रहा है भारी
IPL में दोनों टीमों के बीच 22 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान CSK को 15 मैच में जीत मिली है। SRH की टीम 7 मौकों पर ही जीत दर्ज कर पाई है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक मैच खेला गया था, जिसे SRH ने 5 विकेट से अपने नाम किया था। IPL 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच हुआ था। एक मैच CSK ने जीता था और एक मैच में SRH को जीत मिली थी।

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है CSK की टीम
CSK को आखिरी मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 32 रन से जीत मिली थी। ऐसे में वह अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहेंगे। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ अब तक एक भी अच्छी पारी नहीं खेल पाए हैं। ऐसे में उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, और मुकेश चौधरी।

इस संयोजन के साथ उतर सकती है SRH
SRH को अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 57 रन से शानदार जीत मिली थी। उस मैच में अपना डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन ने घातक गेंदबाजी की थी। ऐसे में वह अपना दमदार प्रदर्शन CSK के खिलाफ भी जारी रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल हिंगे और ईशान मलिंगा।

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
CSK: मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, और मैट हेनरी। SRH: स्मरण रविचंद्रन, साकिब हुसैन, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी और हर्षल पटेल।

कैसी होगी पिच की स्थिति?
राजीव गांधी क्रिकेट स्‍टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 162 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है।

कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के मुताबिक, 18 अप्रैल को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
IPL 2026 में क्लासेन अब तक 5 पारियों में 44.80 की औसत और 142.67 की स्ट्राइक रेट के साथ 224 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं। सैमसन ने 5 पारियों में 46.25 की औसत और 172.89 की स्ट्राइक रेट से 185 रन अपने नाम किए हैं। गेंदबाजी में अंशुल ने 18.90 की औसत से 10 विकेट लिए हैं। SRH के लिए हर्ष ने 5 पारियों में 5 विकेट चटकाए हैं।

कब और कहां देखें मुकाबला?
SRH और CSK के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button