
भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश वस्त्र एवं परिधान उद्योग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शुभारंभ किए जाने के बाद राज्य टेक्सटाइल क्षेत्र में तेजी से एक नई पहचान बना रहा है। लगभग 5 वर्ष की दूरदर्शी कार्य योजना पर विकसित किए जा रहे इस विश्वस्तरीय पीएम मित्र पार्क से प्रदेश के लगभग 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। प्रदेश में जीआई टैग प्राप्त पारंपरिक वस्त्रों एवं हस्त शिल्प को प्रोत्साहन, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल नीतियों तथा मूल्य श्रृंखला आधारित विकास के माध्यम से मध्यप्रदेश टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनकर उभर रहा है। इन्हीं प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2026 में प्रभावी भागीदारी कर रहा है।
14 से 17 जुलाई तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित भारत टेक्स 2026 में हॉल क्रमांक-11, स्टॉल ए-3 स्थित मध्यप्रदेश पेवेलियन का शुभारंभ एमपीआईडीसी की कार्यपालक संचालक (ग्वालियर-चंबल) मती अनीशा वास्तव, कार्यपालक संचालक विशाल सिंह चौहान तथा कार्यपालक संचालक (इंदौर) हिमांशु प्रजापति ने किया। पेवेलियन में प्रदेश के टेक्सटाइल इको सिस्टम, पीएम मित्रा पार्क, वस्त्र उद्योग के लिए उपलब्ध अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल नीतियों तथा उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
मध्यप्रदेश ने अन्य 6 पीएम मित्र राज्यों के साथ "इन्फ्रास्ट्रक्चर एज ए फोर्स मल्टीप्लायर : फ्रॉम क्लस्टर्स टू पार्क्स, कॉरिडोर्स एंड बियॉन्ड" विषय पर आयोजित राउंडटेबल सत्र में सहभागिता की। पेवेलियन में राज्य ने अपने पीएम मित्रा इको सिस्टम को निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए टिकाऊ विकास, विश्वस्तरीय विनिर्माण सुविधाओं तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की।
पेवेलियन में राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने देश-विदेश के संभावित निवेशकों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्हें मध्यप्रदेश की उद्योग-अनुकूल नीतियों, सुदृढ़ औद्योगिक अधोसंरचना, आकर्षक प्रोत्साहनों तथा वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं से अवगत कराया गया। साथ ही निवेशकों को मध्यप्रदेश के विकसित हो रहे विनिर्माण इको सिस्टम और पीएम मित्र पार्क से जुड़कर प्रदेश की विकास यात्रा का सहभागी बनने के लिए आमंत्रित किया गया।






