देश

कुरुक्षेत्र में 18 घंटे से सड़क पर डटे किसान, रोड पर ही हो रहा खाना-पीना और नहाना

कुरुक्षेत्र
 हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज भी किसानों का धरना जारी है। बीते 18 घंटे से सभी किसान कुरुक्षेत्र में दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर डटे हुए हैं। इससे पहले भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की ओर से पिपली अनाज मंडी में सोमवार को बुलाई गई किसान महारैली में किसी भी तरह का समाधान नहीं मिलने पर किसानों ने पिपली में गीता द्वार के नजदीक जीटी रोड जाम कर दिया। जाम करने के लिए किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर और अन्य वाहन खड़े कर दिए।

सड़कों पर नहाते नजर आए किसान
सभी किसानों की रात तो हाईवे पर गुजरी इसके साथ उनका खाना पीना भी वहीं हुआ। सड़कों पर अलग ही तरह का नजर आया। मंगलवार की सुबह किसान पानी का टैंकर खड़ा करवा सड़कों के किनारे और पार्कों में पाइप से नहाते हुए नजर आए।

टिकैत बोले- रिहाई से नीचे कोई समझौता नहीं
सोमवार को किसानों के बीच पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सूरजमुखी व अन्य फसलों पर एमएसपी लागू करने और गुरनाम चढ़ूनी सहित गिरफ्तार किए किसान नेताओं की रिहाई से नीचे कोई समझौता नहीं होगा। देर शाम किसानों ने प्रशासन को दस बजे तक की मोहलत दी और मांग पूरा नहीं होने पर सड़क पर रात्रि पड़ाव डाल दिया।
 
अधिकारियों की बैठक बेनतीजा
किसान देर रात्रि रागिनी सुनते, ट्रैक्टर पर डीजे बजा नाचते और लंगर खाते दिखे। महारैली के दौरान कमेटी के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की तीन बार बैठक हुई, लेकिन बेनतीजा रही। कमेटी अपनी बात पर अड़ी रही। इसके बाद किसान जीटी रोड जाम करने निकल पड़े।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button