Breaking Newsमध्यप्रदेश

स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण से अभियान को बनायें सफल : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान महत्वपूर्ण: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण से अभियान को बनायें सफल : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से सक्रिय सहभागिता की अपील

Related Articles

महिलाओं का सम्पूर्ण स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिये लगाये जाएँगे 20 हज़ार स्वास्थ्य शिविर : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल 

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार" अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश से करेंगे। अभियान में महिलाओं का सम्पूर्ण स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 हज़ार से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाये जाएँगे। इन शिविरों में निःशुल्क जाँच और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जायेंगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और एक चुनौती भी है। मध्यप्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में विगत वर्षों में सकारात्मक सुधार हुआ है। अभी भी हमें लंबी दूरी तय करनी है और इसके लिए आवश्यक है कि हर ज़िला, हर विकास खंड, प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से संकल्प लेकर प्रयास करे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाये, ताकि अभियान का लाभ अधिक से अधिक नागरिक उठा सकें। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सोमवार को निवास कार्यालय भोपाल से वीसी के माध्यम से 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान की सफलता के लिए सबको मिलकर कार्य करना होगा। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं एएनएम घर-घर जाकर परिवारों को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराएँ। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की सक्रिय सहभागिता इस अभियान की सफलता की कुंजी है, उन्हें अभियान में सहभागी बनाया जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर निर्धारित पोर्टल्स और ऐप्स पर समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें। हम सबका समन्वित और समर्पित प्रयास इस जनकल्याणकारी अभियान को सफल बनाएगा। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त तरुण राठी, एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना सहित मेडिकल कॉलेज के डीन, समस्त जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन वीसी के माध्यम से और विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा यादव ने बताया कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उनका त्वरित समाधान करना है। इसके अंतर्गत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, अनमोल 2.0 में प्रविष्टि, टीकाकरण स्तर की समीक्षा और छूटे हुए टीकाकरण को पूरा किया जाएगा। किशोरियों में एनीमिया स्क्रीनिंग, उपचार और आहार संबंधी परामर्श पर विशेष बल दिया जाएगा। साथ ही किशोरियों और महिलाओं को पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित

एमडी एनएचएम डॉ. सिडाना ने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 ज़िले, 5 विकासखंड, 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 10 अशासकीय संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।

गैर-संचारी एवं संचारी रोगों की स्क्रीनिंग

अभियान में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख–स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही क्षय रोग और कुष्ठ रोग जैसे संचारी रोगों की स्क्रीनिंग व इलाज की भी व्यवस्था होगी। मानसिक स्वास्थ्य, मोतियाबिंद, कांचबिंद, दंत रोग और श्रवण विकारों की जांच भी इस पहल का हिस्सा है। अभियान में रोग निदान शिविर और रक्तदान शिविर जिला अस्पतालों एवं संग्रहण रक्त केन्द्रों में आयोजित होंगे। सिविल अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विशेषज्ञता शिविर और जागरूकता कार्यक्रम होंगे। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप-स्वास्थ्य केन्द्र, शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक/पॉली क्लीनिक में स्क्रीनिंग एवं निदान सेवाएँ प्रदान की जाएंगी।

सही पोषण की दी जायेगी जानकारी, वेलनेस गतिविधियों का होगा आयोजन

ईट-राइट अभियान, पोषण माह गतिविधियाँ और योग जैसे वेलनेस कार्यक्रम भी संचालित होंगे। खाद्य तेल की खपत 10 प्रतिशत कम करने जैसे व्यवहार परिवर्तन पर भी विशेष ध्यान रहेगा।

क्षय रोग उन्मूलन के होंगे सशक्त प्रयास

अभियान में क्षय रोग उन्मूलन के लिए निःक्षय मित्र चिन्हांकन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, शासकीय-अशासकीय संगठनों, उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कॉर्पोरेट समूहों को टीबी रोगियों को गोद लेकर उनके पोषण, देखभाल और भावनात्मक सहयोग हेतु प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत फूड बास्केट का वितरण भी किया जाएगा। संभावित रोगियों की स्क्रीनिंग एक्स-रे और नाट टेस्टिंग के माध्यम से होगी।

प्रदेशव्यापी रक्तदान शिविर होंगे आयोजित

17 सितम्बर 2025 को विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन होगा। सभी रक्त संग्रहण केन्द्रों और अन्य शिविर स्थलों पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर संचालित किए जाएंगे। ई-रक्तकोष पोर्टल पर अधिक से अधिक रक्तदाताओं का पंजीयन और शपथ दिलाई जाएगी। इस गतिविधि में रेडक्रॉस सोसायटी, राष्ट्रीय सेवा योजना, जनअभियान परिषद, स्काउट-गाइड और अन्य स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button