
रायपुर।छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत के लिए यह एक बेहद भावुक और गौरवपूर्ण पल रहा, जब वरिष्ठ निर्माता-निर्देशक मोहन सुंदरानी ने अपने वर्षों पुराने सपने को साकार करते हुए अपने पोते निखिल सुंदरानी को फिल्मी पर्दे पर हीरो के रूप में लॉन्च किया।
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री को नई पहचान दिलाने वाले मोहन सुंदरानी जी लंबे समय से क्षेत्रीय कला, संस्कृति और सिनेमा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। अब उनके परिवार की नई पीढ़ी भी उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।
फिल्म लॉन्च के दौरान माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा। इस अवसर पर मौजूद कलाकारों, फिल्म जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने मोहन सुंदरानी जी को बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए गर्व का क्षण बताया।
मोहन सुंदरानी जी ने कहा कि उन्होंने हमेशा छत्तीसगढ़ी फिल्मों को अपने परिवार की तरह माना है और आज अपने पोते निखिल सुंदरानी को बड़े पर्दे पर देखकर उनका सपना पूरा हुआ है। उन्होंने नई पीढ़ी से छत्तीसगढ़ी भाषा, संस्कृति और कला को आगे बढ़ाने की अपील भी की।
फिल्म जगत के लोगों का मानना है कि निखिल सुंदरानी की यह नई शुरुआत छत्तीसगढ़ी सिनेमा में युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी और आने वाले समय में उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देगी।






