बिहार

खलारी में खेत लबालब, किसानों ने धान रोपनी की तैयारी बढ़ाई

खलारी
 खलारी प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों प्रतिदिन हो रही मॉनसूनी बारिश से खेत पानी से लबालब भर गये हैं. खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से कृषि कार्यों में भारी तेजी आ गयी है. हाल ही में किसानों द्वारा खेतों में लगाए गए धान के बिचड़े में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जिससे अन्नदाताओं के चेहरे खिल उठे हैं.वहीं, क्षेत्र के जिन किसानों ने करीब 15 से 20 दिन पहले अपने खेतों में बिचड़ा डाला था, वह अब पूरी तरह तैयार हो चुका है. बिचड़ा तैयार होते ही किसानों ने धान रोपनी के लिए कमर कस ली है.

ट्रैक्टर और हल-बैल से खेतों की जुताई तेज
धान की रोपनी को देखते हुए क्षेत्र के किसान अपने-अपने खेतों में ट्रैक्टर और पारंपरिक हल-बैल के माध्यम से युद्धस्तर पर जुताई और कीचड़-कदो करने में जुट गए हैं. जिन किसानों ने देर से बिचड़ा लगाया था, उनकी पौध भी आगामी 10-12 दिनों के भीतर पूरी तरह तैयार हो जाएगी. इसके बाद प्रखंड के सभी इलाकों में किसान पूरी रफ्तार से अपने खेतों में धान की रोपनी कर पाएंगे.

एक-दो पंचायतों में धनरोपनी की हो चुकी है बोहनी
प्रखंड के कृषि जानकारों के अनुसार खलारी की एक-दो निचली पंचायतों में जहां पानी का जमाव जल्दी और अच्छा हुआ है, वहां धान की रोपनी की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है. महिला मजदूर और किसान खेतों में कतारबद्ध होकर धान रोपने में जुट गए हैं. अच्छी बारिश की निरंतरता को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि जुलाई के अंतिम हफ्ते तक पूरे प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य चरम पर होगा.

Related Articles

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button