![](https://khabarbhoomi.com/wp-content/uploads/2022/11/download-2022-11-18T172038.351.jpg)
लखनऊ। लड़की को चौथी मंजिल से फेंकने के आरोपी सूफियान को पुलिस ने एक मुठभेड़ में पकड़ लिया है। उसके पैर में गोली लगी है। उसे KGMU के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार सुबह ही पुलिस कमिश्नर की ओर से सूफियान पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सूफियान और उसका परिवार मंगलवार रात घटना के बाद से फरार था। आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वह दुबग्गा में है। इसके बाद ACP काकोरी DK सिंह की अगुआई में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख सूफियान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
लड़की को छत से फेंका, धर्म परिवर्तन का आरोप
परिवार ने पुलिस में जो शिकायत की है, उसके मुताबिक दुबग्गा में रहने वाली निधि गुप्ता (19) और सूफियान में प्रेम संबंध था। लड़की के परिवार को यह बात पता चली तो वे विरोध करने सूफियान के घर पहुंचे और शिकायत की। उनकी बहस हो रही थी तभी नाराज होकर सूफियान छत की ओर भागा और वहां पहले से खड़ी निधि को नीचे फेंक दिया।
हिंदूवादी संगठन ने किया प्रदर्शन, फांसी की मांग
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। हिंदूवादी संगठन से जुड़े मुनेंद्र सिंह ने कहा कि सूफियान को फांसी दी जाए। साथ ही निधि के परिजन को जान का खतरा है, ऐसे में उन्हें सुरक्षा दी जाए।