![](https://khabarbhoomi.com/wp-content/uploads/2022/09/05_09_2022-lizz_trust_or_rishi_sunak12_23043837-780x470.jpg)
ब्रिटेन को आज नया प्रधानमंत्री मिल जाएगा। 46 साल की लिज ट्रस का प्रधानमंत्री बनना तय है। इसका ऐलान भारतीय समयानुसार शाम को 5 बजे होगा। दक्षिणपंथी प्रत्याशी लिज अक्टूबर में बोरिस जॉनसन की जगह लेंगी। लिज को ब्रिटेन की सियासत में फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता है। दो महीने चले इलेक्शन कैम्पेन में उनकी एप्रोच कभी डिफेंसिव नहीं रही।
7 जुलाई को बोरिस जॉनसन ने पार्टी नेता के पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद कंजरवेटिव पार्टी में उनका मुकाबला भारतीय मूल के ऋषि सुनक से था। पार्टी के करीब 1.60 लाख सदस्य वोटिंग कर चुके हैं। एक सर्वे के मुताबिक, पार्टी के हर 10 में से 6 मेंबर्स लिज के साथ हैं।
ये जीत खास क्यों
कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों की वोटिंग के पांचों राउंड में सुनक ने लिज ट्रस को मात दी थी, लेकिन अंतिम फैसला तो इस पार्टी के करीब 1 लाख 60 हजार रजिस्टर्ड मेंबर्स करते हैं। इसमें लिज ने बाजी मार ली। बोरिस जॉनसन भी सुनक के फेवर में नहीं थे।
हार बिल्कुल पसंद नहीं
लिज जब 7 साल की थीं, तब उन्होंने स्कूल के नाटक में पूर्व प्रधानमंत्री, अपनी आदर्श और आयरन लेडी मार्गरेट थैचर का रोल प्ले किया था। लिज के भाई ने एक इंटरव्यू में कहा था- उन्हें बचपन से ही हार से सख्त नफरत है। मुझे याद है कि बचपन में जब हम खेलते थे तो वो कहीं हार न जाएं, इसलिए खेल के बीच से ही भाग जाती थीं। हालांकि, उम्र के साथ उन्होंने अपनी कमियों को दूर किया।
2019 में भी इस तरह का चुनाव हुआ था
2019 में लीडरशिप के लिए इस तरह का चुनाव हुआ था। तब 10 उम्मीदवार मैदान में थे। पहले चरण की वोटिंग के बाद बोरिस जॉनसन और पूर्व स्वास्थ्य सचिव जेरेमी हंट दो उम्मीदवार बचे। दूसरे चरण में जब पार्टी के सदस्यों ने वोट डाले तब जॉनसन को दो तिहाई वोट मिले थे।