
पटना
बिहार में विधान परिषद (MLC) चुनाव तक शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के बीच टीचर ट्रांसफर की अनुमति नहीं दी है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर प्रक्रिया को फिलहाल के लिए रोक दिया है। अब एमएलसी चुनाव होने के बाद ही शिक्षकों के सामान्य ट्रांसफर के आवेदन का पोर्टल खुलेगा। ऐसे में ट्रांसफर की राह देख रहे सरकारी शिक्षकों का इंतजार और बढ़ गया है।
शिक्षा विभाग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर यह जानकारी दी। विभाग के उप सचिव अजय सतीश भेंगरा ने अधिसूचना में कहा कि बिहार के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के स्थानांतरण की गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है। विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही टीचर ट्रांसफर की नई समय सीमा जारी की जाएगी।
दो चरण के ट्रांसफर पूरे, तीसरे में सामान्य तबादले
बिहार के सरकारी स्कूलों में तैनात 5 लाख से अधिक शिक्षकों के ऐच्छिक तबादले किए जाने हैं। ट्रांसफर के दो चरण पूरे किए जा चुके हैं। पहले चरण में स्कूलों में तैनात सरप्लस शिक्षकों का समायोजन किया गया, जबकि दूसरे चरण में म्युचुअल तबादले किए गए। समायोजन और म्युचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पिछले दिनों शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों की संशोधित सूची जारी की थी। इसके आधार पर ही तीसरे चरण में सामान्य तबादले की प्रक्रिया पूरी की जानी है।
4 अक्टूबर को खुलना था ट्रांसफर पोर्टल
शिक्षा विभाग ने 4 अक्टूबर से सामान्य ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू करने की तारीख तय की थी। बीते रविवार से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी। हालांकि, इससे पहले ही विभाग ने इस पर रोक लगा दी थी। बिहार में एमएलसी चुनाव के चलते आचार संहित लागू है। ऐसे में शिक्षा विभाग ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर चुनाव के बीच ट्रांसफर कराने के लिए अनुमति मांगी थी।
चुनाव आयोग नहीं दी अनुमति
राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को शिक्षा विभाग को लिखे पत्र में कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया जाए और एमएलसी चुनाव होने के बाद ही इसे आगे बढ़ाया जाए। इसके बाद शिक्षा विभाग ने भी शाम तक ट्रांसफर स्थगित करने की अधिसूचना जारी कर दी।
बाढ़ की वजह से भी टल चुके हैं ट्रांसफर
यह पहली बार नहीं है जब बिहार में शिक्षकों के ट्रांसफर की प्रक्रिया को स्थगित किया गया है। इससे पहले बाढ़ की वजह से भी तबादले की प्रक्रिया को टाला जा चुका है। मॉनसून के दौरान बिहार के कई जिले बाढ़ की चपेट में थे। पहले 17 सितंबर से सामान्य ट्रांसफर के लिए पोर्टल खुलने वाला था, लेकिन बाढ़ की वजह से उसे स्थगित कर अक्टूबर में तारीख तय की गई थी। अब चुनाव की वजह से इन्हें टाल दिया गया है।






