
सुशासन तिहार 2026 के तहत नगर निगम क्षेत्र के मठपुरैना सामुदायिक भवन में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाया गया। शिविर में कुल 1109 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिविर के दौरान 19 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं 43 नागरिकों को आय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा कई लोगों को आयुष्मान कार्ड, आवास योजना से संबंधित लाभ तथा आधार कार्ड की सुविधा भी मौके पर ही उपलब्ध कराई गई, जिससे नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का निरीक्षण रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने किया। अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित विभागीय कर्मचारियों को सभी आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।






