
नई दिल्ली
दुनिया में एक कहावत है-किसी एक की मुसीबत, दूसरे के लिए सुनहरा अवसर लेकर आती है. वैश्विक कपड़ा उद्योग में इस समय यही बात सच होती दिख रही है. दुनिया के सबसे बड़े कपड़ा निर्यातक देशों में शुमार बांग्लादेश की गारमेंट इंडस्ट्री अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. मजदूर काम छोड़ सड़कों पर है. फैक्टरियां बंद हैं और अमेरिका और यूरोप के दिग्गज फैशन ब्रांड्स सप्लाई चेन टूटने के डर से अब अपने करोड़ों के ऑर्डर बांग्लादेश से हटाकर दूसरे देशों की ओर मोड़ रहे हैं. जानकारों का मानना है कि अगर यह अस्थिरता लंबी खिंची, तो बांग्लादेश के हाथ से करीब 4 अरब डॉलर का विशाल कपड़ा कारोबार फिसल सकता है. इस मौके को लपकने के लिए भारत सबसे आगे खड़ा है।
बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था की असली ताकत ही वहां की रेडीमेड गारमेंट (RMG) इंडस्ट्री है. यह सालाना करीब 38 से 40 अरब डॉलर का कारोबार करती है. 40 लाख से ज्यादा लोगों को सीधा रोजगार मुहैया कराती है. लेकिन नवंबर 2026 में भड़के मजदूर आंदोलन ने इस पूरी इंडस्ट्री की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. इस पूरे विवाद की जड़ न्यूनतम मजदूरी है. बांग्लादेश के गारमेंट सेक्टर में काम करने वाले मजदूरों का मौजूदा न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका है. महंगाई के इस दौर में मजदूर इसे बढ़ाकर 30,000 टका करने की जिद पर अड़े हैं. दूसरी तरफ, फैक्ट्री मालिक किसी भी हाल में 15 फीसदी से ज्यादा वेतन बढ़ाने को तैयार नहीं हैं।
18 दिन में 682 मिलियन डॉलर की चोट
इस गतिरोध ने बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग की कमर किस कदर तोड़ी है, इसकी गवाही खुद बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGMEA) का ताजा सर्वे दे रहा है. 1 से 18 नवंबर के बीच किए गए इस सर्वे के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं. महज 18 दिनों के भीतर 317 फैक्ट्रियों को करीब 428 मिलियन डॉलर का सीधा नुकसान उठाना पड़ा है. समय पर माल न मिलने के डर से विदेशी खरीदारों ने करीब 5.9 करोड़ कपड़ों के ऑर्डर, जिनकी कीमत लगभग 254 मिलियन डॉलर है, कैंसिल कर दूसरे देशों को सौंप दिए हैं. सर्वे में भले ही 317 फैक्ट्रियों का आंकड़ा सामने आया हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि 600 से अधिक इकाइयों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कुल मिलाकर सिर्फ 18 दिनों में 682 मिलियन डॉलर के कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। .
भारत के किन सेक्टर्स और शहरों की चमकने वाली है किस्मत?
बांग्लादेश से बाहर गए 254 मिलियन डॉलर के ऑर्डर में से देश को कितने मिले, इसका ब्योरा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है. लेकिन भारत, वियतनाम, पाकिस्तान और श्रीलंका इस मौके को भुनाने की दौड़ में पूरी ताकत से जुट गए हैं. यदि 4 अरब डॉलर का यह संभावित कारोबार बांग्लादेश से बाहर निकलता है, तो भारत के टेक्सटाइल और अपैरल इकोसिस्टम के कई सेक्टर्स को सीधा फायदा होगा।
कपास उत्पादन से लेकर यार्न यानी धागा, फैब्रिक और रेडीमेड गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग तक भारत के पास एक संपूर्ण श्रृंखला मौजूद है. इस बड़े बदलाव से भारत के चार प्रमुख टेक्सटाइल हब और उनसे जुड़े सेक्टर्स सबसे ज्यादा फायदे में रहेंगे-
निटवेयर और कॉटन गारमेंट सेक्टर (तिरुपुर): भारत का निटवेयर हब कहलाने वाला तमिलनाडु का तिरुपुर टी-शर्ट, बच्चों के परिधान और कॉटन गारमेंट बनाने में विश्व प्रसिद्ध है. नवंबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश संकट के बीच तिरुपुर के कारोबारियों को महज दो हफ्तों में 450 करोड़ रुपये से ज्यादा के नए ऑर्डर मिलने की बात सामने आई है।
रेडीमेड फैशन और अपैरल सेक्टर (नोएडा): उत्तर प्रदेश का नोएडा बड़े पैमाने पर रेडीमेड गारमेंट्स की मैन्युफैक्चरिंग का केंद्र है. यहां की आधुनिक फैक्ट्रियां सीधे यूरोप और अमेरिका के बड़े फैशन ब्रांड्स के लिए कपड़े तैयार करती हैं, जिन्हें नए ऑर्डर्स का सीधा लाभ मिल सकता है।
इंटरनेशनल अपैरल एक्सपोर्ट सेक्टर (बेंगलुरु): कर्नाटक का बेंगलुरु अपने मजबूत अपैरल एक्सपोर्ट नेटवर्क और वैश्विक ब्रांड्स के साथ पुराने कारोबारी रिश्तों के लिए जाना जाता है. सप्लाई चेन में बदलाव का बड़ा हिस्सा यहां की कंपनियों की झोली में आ सकता है।
होजरी और विंटर वियर सेक्टर (लुधियाना): पंजाब का लुधियाना होजरी, स्वेटर और ऊनी कपड़ों का सबसे बड़ा गढ़ है. सर्दियों के मौसम को देखते हुए विंटर वियर के जो ऑर्डर बांग्लादेश में अटके हैं, वे सीधे लुधियाना के उद्योगों को नई रफ्तार दे सकते हैं। ..
भारत की राह में ये 4 बड़ी चुनौतियां भी
बांग्लादेश का सबसे मजबूत विकल्प बनने के लिए भारत के पास तीन बड़ी ताकतें हैं. पहला, देश में कपास, धागे और कपड़े जैसे कच्चे माल की प्रचुर उपलब्धता. दूसरा, बड़े शहरों में पहले से तैयार मैन्युफैक्चरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर. और तीसरा, यूरोप व ब्रिटेन के साथ हो रहे नए व्यापार समझौते, जो भारतीय निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुल्क के मोर्चे पर बड़ी बढ़त दिला सकते हैं।






