राजनीति

पूर्व मंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने वाले हैं, कई शर्त पर ज्वाइन करेंगे BJP, अमित शाह से होगी फाइनल बात

सरायकेला
पूरे देश की नजर कोल्हान टाइगर चंपई सोरेन पर टिकी हुई है, लेकिन अब तक न ही उन्होंने पूरी बात साफ की और ना ही भाजपा के वरीय नेताओं ने, जबकि पूरे देश में इस बात की चर्चा होने लगी है कि पूर्व मंत्री चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने वाले हैं। सूत्रों की मानें तो अब और इंतजार झारखंडवासियों को नहीं करना होगा, क्योंकि जल्द ही चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने वाले हैं।

चंपई ने की बीजेपी नेताओं से बातचीत
सोमवार को दिल्ली पहुंचे चंपई सोरेन ने भाजपा के कई वरीय नेताओं से बातचीत की और उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए हरी झंडी मिल गई है, लेकिन सिर्फ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनकी बात रात में होने वाली है। जहां पूरी बातों पर अंतिम विराम लगने की उम्मीद है।

चंपई का BJP में होगा ग्रैंड वेलकम!
इसके बाद यह तय किया जाएगा कि चंपई सोरेन रांची या जमशेदपुर में बीजेपी में शामिल होंगे। जिस दिन चंपई सोरेन को भाजपा में शामिल कराया जाएगा उस दिन भव्य आयोजन करने की बात सामने आ रही है।

Related Articles

चंपई के लिए जगी हमदर्दी
यहां बता दें कि मुख्यमंत्री की कुर्सी से उतारे जाने के बाद चंपई सोरेन पूरी तरह से टूट चुके थे। वे किसी भी हाल में अब झामुमो में नहीं रहने वाले थे, इसलिए उन्होंने अपने दिल का दर्द इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद पूरे देश ही नहीं झारखंड सहित कोल्हान में चंपई सोरेन के प्रति अलग ही हमदर्दी उनके चाहनेवालों के बीच जगी। जिसका परिणाम यह हुआ कि सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक व चाहने वाले उनके प्रत्येक कार्यक्रम में उनके साथ खड़े नजर आए।

दूसरी बार दिल्ली पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन
झामुमो से किनारा करने के बाद चंपई सोरेन अपनी शर्तों पर भाजपा का दामन थामने वाले हैं। इसके लिए अब तक दो बार दिल्ली के चक्कर वे लगा चुके हैं। सोमवार की सुबह करीब सवा ग्यारह बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर वे उतरे और विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्या व उनके बेटे व अन्य तीन लोगों के साथ वे अपने गंतव्य की ओर बढ़ गए। हालांकि, उनके दिल्ली जाने की बात को गुप्त रखा गया। झामुमो से दूरी बनाने के बाद मंत्री चंपई सोरेन ने दूसरी बार दिल्ली का रुख किया है। चंपई ने खुद की पार्टी बनाने या एक अच्छे साथी के साथ जाने की बात कही थी। शनिवार को सरायकेला में हुए कार्यक्रम में चंपई सोरेन ने इस बात का संकेत दे दिया था कि अच्छा साथी भाजपा के अलावा दूसरा कोई नहीं है, क्योंकि सरायकेला में उनके पोस्टर व टाउन हाल के फव्वारे में भगवा रंग समाया हुआ था।

चंपई ने कराया अपने कद का एहसास
सूत्रों की मानें तो पिछले दिनों जब चंपई सोरेन तीन दिनों के लिए दिल्ली गए थे तो वे वहां भाजपा के नेताओं से मिले थे। संभवत: उन्हें जो टास्क दिया गया था उसी रणनीति के तहत चंपई सोरेन पूरे कोल्हान में घूम-घूमकर अपने समर्थकों की नब्ज टटोलते रहे। उनके सभी कार्यक्रमों में सैकड़ों की भीड़ उमड़ी थी। इधर, कोल्हान में चंपई सोरेन अपने कार्यक्रम कर रहे थे तो उधर दिल्ली में बैठे भाजपा के वरीय नेता पूरे मामले से अवगत हो रहे थे। अपने टास्क को पूरा करने के बाद दोबारा चंपई सोरेन सोमवार को दिल्ली भाजपा के दरबार पहुंचे और वहां भाजपा में शामिल होने के उन्हें संकेत दे दिए गए हैं।

चंपई को मिलेगी सीएम की कुर्सी!
सूत्रों की मानें तो अगर भाजपा इस बार विधानसभा चुनाव जीतती है तो सीएम की कुर्सी पर चंपई सोरेन विराजमान हो सकते हैं और घाटशिला सीट से चंपई सोरेन के बेटे भाजपा से उम्मीदवार भी हो सकते हैं। इन्ही दो शर्तों पर अमित शाह से आज रात फाइनल बात के बाद चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की पूरी संभावना है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button