देश

कुलगाम जिले की मुठभेड़ 40 घंटे के बाद आज गुरूवार की सुबह समाप्त हुई, 3 आतंकी ढेर

श्रीनगर

भारतीय सेना ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक वांटेड आतंकवादी बासित डार सहित तीन आतंकवादियों को मार गिराया। सोमवार रात को शुरू हुई गोलीबारी लगभग 40 घंटे के बाद गुरूवार की सुबह सुबह समाप्त हुई। सेना के अधिकारियों ने आतंकियों के पास से कई हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है।

भारतीय सेना ने एक्स पर लिखा, “कुलगाम के रेडवानी पाईन में लगभग 40 घंटों तक एक संयुक्त ऑपरेशन चला। आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार में बरामद किए गए। जैसे लग रहा था कि वे युद्ध की तैयारी में थे। आतंकवादियों का सफाया कर दिया गया है। यह आतंकियों के इकोसिस्टम पर एक जोरदार प्रहार है। चिनार कोर कश्मीर में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।''

सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के रेडवानी पाईन इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। मारे गए आतंकवादियों में से एक बासित दार 18 से अधिक मामलों में वांटेड था। उसके खिलाफ पुलिस और निर्दोष नागरिकों की हत्याएं सहित और अल्पसंख्यकों पर हमलों की योजना बनाने के मामले दर्ज थे।

आपको बता दें कि पिछले साल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नागरिक हत्या के एक मामले में बासित डार पर 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था। उसके खिलाफ 2011 में कुलगाम में दो गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या का आरोप था।

इस महीने की शुरुआत में आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के काफिले को निशाना बनाया, जिसमें एक भारतीय वायुसेना कर्मी शहीद हो गए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, काफिला जारनवल्ली गली से शाहिस्टार टॉप की ओर जाने वाले तीन वाहनों में से आखिरी था। यहां भारतीय वायुसेना का बेस है। 15 मिनट के भीतर वाहन पर लगभग 200 गोलियां चलाई गईं।

हालांकि किसी भी आतंकी संगठन ने भारतीय वायुसेना के काफिले पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन कथित तौर पर यह संदेह है कि इसमें शामिल लोग क्षेत्र के बारे में अच्छी तरह वाकिफ हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button