राजनीति

कांग्रेस को इतना घमंड क्यों है, लोकसभा चुनाव में में 40 सीटें भी नहीं जीत पाएगी पार्टी – ममता बनर्जी

नईदिल्ली

लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को मुर्शिदाबाद में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस पार्टी को इतना अहंकार किस बात का है। मुझे नहीं लगता कि वो 300 में से 40 सीट भी जीत पाएगी।'

ममता ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले जहां-जहां जीतती थी, अब वहां भी हारती जा रही है। अगर उसमें हिम्मत है तो बनारस और प्रयागराज में भाजपा को हराकर दिखाए।

Related Articles

CM ममता का कहना है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बंगाल आई थी, लेकिन उन्हें बताया तक नहीं गया। हम I.N.D.I.A गठबंधन में हैं। लेकिन उसके बावजूद मुझे इसकी जानकारी नहीं दी गई। मुझे प्रशासन से इसके बारे में पता चला।

बीड़ी कैसे बनाई जाती है
ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल में 'बीड़ी' श्रमिकों के साथ राहुल गांधी की बातचीत का सीधा संदर्भ देते हुए कहा कि "जिसे यह भी नहीं पता कि बीड़ी कैसे बनाई जाती है, वह अब फोटो-शूट का सहारा ले रहा है। अब यही चलन और फैशन चल रहा है।" राहुल गांधी का नाम लिए बिना राज्य में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लोगों तक पहुँच बनाने के उनके प्रयास का मजाक उड़ाया। यात्रा शुक्रवार को झारखंड में प्रवेश कर गई।

हमें नहीं मिला अधिकारिक निमंत्रण
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आधिकारिक निमंत्रण नहीं भेजने का भी आरोप भी लगाया। बनर्जी ने कहा“वह हमारे राज्य में आए लेकिन हमें एक बार भी सूचित नहीं किया। रैली अचानक पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई। मैंने कांग्रेस को 300 सीटों पर चुनाव लड़ने और शेष क्षेत्रीय दलों के लिए छोड़ने का प्रस्ताव दिया लेकिन वह सहमत नहीं हुई और इसकी बजाय उसने अपना बड़े भाई वाला रवैया दिखाया।”

ममता बोलीं- आजकल फोटोशूट का नया चलन
ममता ने राहुल का नाम लिए बिना कहा कि आजकल फोटोशूट का नया चलन देखने में मिल रहा है। जो लोग कभी चाय के स्टॉल पर नहीं गए, अब वे बीड़ी कामगारों के साथ बैठकर फोटो खिंचवा रहे हैं। दरअसल, भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी पश्चिम बंगाल में बीड़ी मजदूरों से मिले थे।

राहुल बोले- सीट शेयरिंग को लेकर ममता से बातचीत जारी
ममता ने ये बयान तब दिया है, जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बंगाल से निकली है। हाल ही में राहुल से पत्रकारों ने ममता बनर्जी को लेकर सवाल पूछा था। इस पर राहुल गांधी ने कहा था कि न तो हमने इंडिया गठबंधन छोड़ा है और न ही ममता बनर्जी ने। हमारे बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है। जल्द ही इसका समाधान निकल आएगा।

बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी TMC
ममता ने 24 जनवरी को लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस ने उनका प्रस्ताव ठुकराया दिया। हम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगे।

दरअसल, कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बंगाल में 10 से 12 सीटों की मांग कर रही है, जबकि TMC केवल दो सीटें देने पर अड़ी है। यह वे सीटें हैं जिन्हें कांग्रेस ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जीता था। कांग्रेस के अलावा बंगाल में लेफ्ट पार्टियां भी हैं, जो 28 दलों वाले विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A का हिस्सा हैं।

ममता ने बुधवार को हावड़ा में मीडिया से कहा- मेरी कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे। मुझे इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं है कि देश में क्या होगा, लेकिन हम सेक्युलर पार्टी हैं और बंगाल में हम अकेले भाजपा को हराएंगे। मैं अब भी I.N.D.I.A का हिस्सा हूं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button