![](https://khabarbhoomi.com/wp-content/uploads/2022/10/download-2022-10-10T185125.539.jpg)
लखनऊ। यूपी के कई जिलों में बीते 5 दिन से लगातार बारिश हो रही है। मगर, रविवार शाम से शुरू हुई बारिश सबसे ज्यादा भीषण रही। तेज बारिश के साथ गरजते बादल और कड़कती बिजली से लोग रात भर चिंता में रहे। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे तक ऐसी ही स्थिति बनी रही। हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे बारिश रुकने लगी और लोगों ने राहत की सांस ली। झांसी में सोमवार को 6 से ज्यादा स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल है। घटना के दौरान अधिकतर लोग खेतों में काम कर रहे थे।
15 से ज्यादा जिलों में स्कूल बंद
उधर, शनिवार को प्रदेश में दिनभर हुई बारिश के बाद लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, मुरादाबाद, इटावा, फर्रुखाबाद, लखीमपुर, अयोध्या, जालौन, अलीगढ़, सीतापुर समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी है। कहीं 8वीं तक तो कहीं 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। प्रदेश में 24 घंटे में 22.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बारिश से जुड़े हादसों में 30 की मौत, आज भी बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने बारिश के साथ ही आज भी बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। रविवार को सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर,सीतापुर में आकाशीय बिजली गिरने से चार युवकों की मौत हो गई। जबकि मां-बेटी झुलस गईं। उधर, बाराबंकी में पेड़ गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक घायल हो गया।
9 दिनों में 92. 3 मिलीमीटर हुई बारिश
मौसम विभाग के वैज्ञानिक हैरान हैं कि बीते 9 दिनों के अंदर पूरे प्रदेश में 92. 3 मिली मीटर बारिश अक्टूबर महीने में रिकॉर्ड की गई है। अमूमन मानसून समाप्त होने के बाद छिटपुट बारिश होने की संभावनाएं होती हैं। मगर, बारिश की वजह से पूरे प्रदेश में फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक जेपी गुप्ता बताते हैं कि इस तरीके की बारिश से किसानों के फसलों का नुकसान होगा।