उत्तर प्रदेश

वाराणसी में देव दीपावली की भव्य तैयारी, 2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगा अद्भुत नजारा

वाराणसी

काशी की देव दीपावली इस बार गंगा घाटों के साथ आसमान में भी भव्यता बिखेरेगी। 24 नवंबर को होने वाले आयोजन में पहली बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ मंदिर की आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। करीब 15 मिनट के इस ड्रोन शो में 15 विशेष फॉर्मेशन नजर आएंगे। संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ थ्री-डी एनिमेशन से तैयार आकृतियां काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएंगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। लाखों दीपों की रोशनी के बीच 2100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में पौराणिक प्रसंगों को साकार करेंगे। पर्यटन विभाग ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की तैयारी की है।

Related Articles

शिव तांडव से मां गंगा के अवतरण तक दिखेगी दिव्यता
ड्रोन शो की थीम देव दीपावली पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के धरती पर अवतरण के दृश्य दिखाए जाएंगे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी इस प्रस्तुति में शामिल किया जाएगा। 

इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली पर काशी के घाट 11 लाख से ज्यादा दीपों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस भव्य आयोजन की शुरुआत 20 नवंबर से होगी, जब नमो घाट पर चार दिवसीय 'गंगा महोत्सव' का आगाज होगा. ये महोत्सव 23 नवंबर तक चलेगा। 

देव दीपावली के मुख्य आयोजन यानी 24 नवंबर की शाम को भक्तों और पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. इस दिन चेत सिंह घाट पर ग्रैंड लेजर शो का आयोजन होगा।  

दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध महाआरती
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर विश्व प्रसिद्ध महाआरती होगी और श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी आसमान को रोशन करेगी. वहीं, गंगा नदी में नावों की भारी भीड़ को काबू करने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. पहली बार नदी में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए 'टू-वे लेन सिस्टम' लागू किया जाएगा। 

लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी काशी को 10 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा जाएगा. भीड़ नियंत्रण और चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 27 वॉच टावर बनाए जा रहे हैं. इसके साथ ही ड्रोन कैमरों से भी आसमान से निगरानी की जाएगी. पर्यटकों की मदद और सुरक्षा के लिए पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी। 

ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय
शहर को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए यातायात पुलिस ने व्यापक योजना तैयार की है. शहर के बाहर 7 डायवर्जन प्वाइंट और वाहनों के लिए 31 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. आयोजन के दौरान मुख्य रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। 

किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से तुरंत निपटने के लिए शहर के 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए एक विशेष 'ग्रीन कॉरिडोर' भी तैयार किया जाएगा. इसके अलावा, पूरे शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button