उत्तर प्रदेश

योगी बोले- जहां बूचड़खाना खुलने वाला था, वहां आज उद्योगों से बदल रही तस्वीर

गोरखपुर
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को लेकर पिछली सरकारों और अपनी सरकार के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने कहा कि जिस गीडा में वर्ष 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी की सरकार ने बूचड़खाना खोलने का प्रयास किया था, वहां आज 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश जमीन पर उतर चुका है।

अब 17 हजार करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसे पूर्वांचल की बदलती तस्वीर बताते हुए कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 50 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गीडा में बूचड़खाने के प्रस्ताव के खिलाफ सांसद रहते हुए किए गए आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इसका विरोध किया था।

गोरखपुर के लोग बूचड़खाना नहीं, विकास चाहते थे। आज उसी क्षेत्र में सीमेंट, स्टील, प्लास्टिक और डेयरी उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गीडा अब पिछड़ेपन की पहचान से निकलकर औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।

मच्छर और माफिया से बदली पूर्वांचल की पहचान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय पूर्वांचल की पहचान इंसेफ्लाइटिस और माफिया वसूली से होती थी। बीमारी के कारण मासूम बच्चों की जान जाती थी और उद्योगों से वसूली के कारण निवेशक यहां आने से कतराते थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने माफिया राज पर अंकुश लगाने के साथ इंसेफ्लाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण किया है। अब प्रदेश में सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के अनुकूल माहौल बना है।

सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और विकास में भेदभाव का आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय विकास और बजट का लाभ कुछ खास क्षेत्रों तक सीमित रहता था। उन्होंने सैफई महोत्सव, कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल और गरीबों की जमीनों पर कब्जे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की प्राथमिकताएं आम जनता के हितों से अलग थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करा रही है।

उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर, मगहर में संत कबीर की स्थली और संत रविदास से जुड़े स्थलों का विकास विरासत के संरक्षण का हिस्सा है। प्रदेश में महापुरुषों के स्मारकों और स्थलों के सुंदरीकरण के लिए भी काम कराया जा रहा है।

विधायकों और सांसद के काम भी गिनाए
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के जनप्रतिनिधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों और सरकार की विकास को लेकर समान सोच होती है तो काम की गति बढ़ती है। उन्होंने सहजनवा, गोरखपुर ग्रामीण, खजनी, चिल्लूपार, कैंपियरगंज, पिपराइच और चौरीचौरा के विधायकों के क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख किया। सांसद रवि किशन की भूमिका का भी जिक्र किया।

युवाओं के रोजगार को बताया विकास का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास युवा कार्यबल की बड़ी ताकत है। इसे कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। गीडा में 25 एकड़ में बन रहे सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन के माध्यम से हाईस्कूल से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने 20 नवंबर को पूर्वांचल के 60 हजार युवाओं को टैबलेट वितरित किए जाने का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य विकसित उत्तर प्रदेश के माध्यम से ही पूरा होगा। इसके लिए उद्योग, रोजगार, बेहतर कानून-व्यवस्था और युवाओं का कौशल विकास जरूरी है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button