मध्यप्रदेश

भोपाल डैम पर बदमाशों का आतंक, जान से मारने की धमकी देकर लूटा; 10 घंटे में गिरफ्तारी

भोपाल 

राजधानी भोपाल के कलियासोत डैम इलाके में घूमने पहुंचे युवक-युवतियों के साथ चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महज 7 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर 10 घंटे के अंदर ही तीनों को धर दबोचा।

चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे दो युवक और दो युवतियां कलियासोत डैम के पास घूमने गए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने चाकू निकालकर युवक-युवतियों को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर शोर मचाया या विरोध किया तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे। करीब 7 मिनट तक चले इस खौफनाक घटनाक्रम के दौरान आरोपियों ने पीड़ितों के गले से चेन उतरवा ली और मौके से फरार हो गए।

150 कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीमों का गठन किया। टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों और संभावित रास्तों पर लगे लगभग 150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और महज 10 घंटे के भीतर घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपाल, बलराम और सौरभ उर्फ बारीक के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई दो सोने की चेन, एक चांदी की चेन, एक नकली चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में से दो का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button