बिहार

नशे में बेटे ने मां को जिंदा जलाया, पटना में 60 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत

पटना
पटना में एक नशेड़ी बेटे के महापाप ने सभी को हैरान कर दिया है। नशे में धुत बेटे ने रोंगटे खड़ी कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि खाजेकलां थाने के दीवान मोहल्ले, दुल्ली घाट में एक कलयुगी बेटे ने नशे की हालत में अपनी ही मां को जिंदा जलाकर मार डाला। घटना शनिवार देर रात की है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है, जो स्व. नन्हकी साहनी की पत्नी थीं। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, रेखा देवी अपने पुत्र चिंटू कुमार के साथ बसंत लाल के मकान में किराये पर रहती थीं। ऑटो चालक चिंटू हाल के दिनों में नशे का आदी हो गया था।

वृद्धा को कमरे से खींचकर बाहर ला रहा था
शनिवाद देर रात नशे की हालत में उसने एलपीजी गैस से मां के शरीर में आग लगा दी। कमरे से धुआं निकलता देख अन्य किरायेदार जाग गए। उन्होंने कमरा खुलवाया तो देखा कि रेखा देवी बुरी तरह जल चुकी हैं और चिंटू उन्हें खींचकर बाहर ला रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के रिश्तेदार अमर साहनी ने खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए चिंटू पर मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे में धुआं भरा था और रेखा देवी का अधिकांश शरीर जला हुआ था। पटना सिटी के एसएसपी राजकिशोर ने कहा कि वृद्धा की हत्या में आरोपित उसके पुत्र चिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित नशा करने का आदी था। नशे में विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है। मामले से जुड़े हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

पुलिस को देख विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा आरोपित
एएसपी राजकिशोर सिंह व खाजेकलां पुलिस ने शव को कमरे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को देखते ही आरोपित चिंटू विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा। एएसपी ने बताया कि युवक नशे का आदी है और नशे की हालत में ही उसने मां को आग लगाकर मार डाला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस की निगरानी में हुआ अंतिम संस्कार
एनएमसीएच में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेखा देवी का दाह संस्कार पुलिस की निगरानी में कराया गया। उधर, आग से जलाकर वृद्धा की हत्या के बाद दुल्ली घाट व आसपास के इलाके में मातम पसरा है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button