बिहार

त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, डेयरी से 9 लाख रुपये का खाद्य सामान जब्त

झालावाड
 जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिश्रौली में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पूजा दूध डेयरी पर छापा मारकर 3 हजार किलोग्राम मावा सीज किया। इसके अलावा प्रथम दृष्टया खराब पाए गए 50 किलो मिठाई और 25 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। विभाग की इस कार्रवाई में जब्त और नष्ट किए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है।

यह कार्रवाई घटिया गुणवत्ता का पनीर सप्लाई किए जाने की शिकायत मिलने के बाद की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि पुलिस थाना गरोठ की ओर से पुलिस थाना मिश्रौली को पूजा दूध डेयरी से खराब गुणवत्ता का पनीर सप्लाई किए जाने की सूचना दी गई थी। मिश्रौली थानाधिकारी ने इस मामले से पुलिस अधीक्षक झालावाड़ अमित कुमार को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा को मामले की जानकारी दी और खाद्य सुरक्षा दल को जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और मिश्रौली पुलिस की संयुक्त टीम ने पूजा दूध डेयरी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान डेयरी के कोल्ड स्टोरेज में बड़ी मात्रा में मावा रखा मिला। टीम को मावे की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मावे का नमूना लिया गया और पूरे 3 हजार किलोग्राम मावे को सीज कर दिया गया। सीज किए गए मावे को खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में रखवाया गया है।

खराब मिठाई और पनीर मौके पर ही नष्ट
निरीक्षण के दौरान डेयरी में करीब 50 किलोग्राम मिठाई और 25 किलोग्राम पनीर भी मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने इनकी स्थिति का परीक्षण किया तो दोनों खाद्य पदार्थ प्रथम दृष्टया खराब अवस्था में पाए गए। इसके बाद नियमानुसार इनके नमूने लिए गए और मिठाई व पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

कोटा प्रयोगशाला भेजे नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मावे, मिठाई और पनीर के नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला कोटा भेजे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीएस गुर्जर, भूराराम गोदारा, आशीष सिंह कुशवाहा, जगदीश चंद्र नागर और अमर सिंह बैरवा शामिल रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button