
पटना
त्योहारों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटना में मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अगमकुआं के श्याम घी भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों पर छापामारी कर 5.55 टन नूडल्स, 855 किलो घी, 40 किलो खोया सहित भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की गई।
नौ लीटर एक्सपायरी दूध और 20 किलो खोया भी नष्ट कराया गया। लाइसेंस नहीं मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया। अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार से 855 किलो घी और पांच बोरियों में 174 किलो मिल्क केक जब्त किया गया। दोनों की कीमत 5,99,400 रुपये है।
नारियल पाउडर के 18 पैकेट (18 किलो), पांच किलो खीरा सीड्स और छह पैकेट हाइड्रो पर भी कार्रवाई हुई। नमूने लेकर जांच को भेजे गए। लाइसेंस और अभिलेख नहीं मिलने तथा भंडारण में गड़बड़ी पर दुकान बंद करा दी गई।
रामकृष्णा नगर के रिंकू फूड्स से 2.22 लाख रुपये के 5,550 किलो नूडल्स जब्त हुए। निर्माण तिथि, एक्सपायरी और बैच नंबर में गड़बड़ी मिली। आटा अभिलेख और परिसर की संरचना पर भी सवाल उठे। नूडल्स-मैदा के नमूने लिए गए।
मिठाई दुकानों पर भी कार्रवाई
दानापुर की साधु स्वीट्स कार्यशाला में 40 किलो खोया और दो किलो औद्योगिक हाइड्रो नष्ट कराया गया। गंदगी, मक्खियां, कर्मचारियों की अस्वच्छता और मेडिकल, जल-परीक्षण व पेस्ट-कंट्रोल रिपोर्ट का अभाव मिला। बेसन लड्डू-काजू कतली के नमूने लेकर दो दिन उत्पादन बंद रखने का निर्देश दिया गया।
अनिसाबाद-खगौल के स्वीट्स एंड स्नैक्स से 6 किलो अमचूर, 4 किलो कस्टर्ड पाउडर और 256 पैकेट चाउमीन जब्त हुए। 20 किलो खोया नष्ट किया गया। सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। फुलवारीशरीफ की मां डेयरी से 9 लीटर एक्सपायरी दूध नष्ट कर रसगुल्ले का नमूना लिया गया।
भूपतिपुर के लारेंस स्वीट्स से 600 किलो (75 हजार रुपये) और विकास की मिठाई दुकान से 525 किलो (63 हजार रुपये) लड्डू दाना जब्त कर दोनों दुकानें बंद कराई गईं। विभाग ने कहा कि प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे कार्रवाई होगी।






