
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। टोक्यो पैरालिंपिक में मंगलवार को भारत ने पदकों की हैट्रिक लगाई। भारत को दिन का पहला पदक निशानेबाज सिंहराज आधना ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में 216.8 अंकों के साथ कांस्य पदक पर निशाना लगाया।
इसके अलावा भारत ने पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में दो पदक अपने नाम किए। ऊंची कूद में 2016 रियो पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले मरियप्पन थंगावेलू को इस बार 1.86 मीटर की दूरी के साथ रजत पदक के साथ संतोष करना पड़ा, जबकि शरद कुमार ने 1.83 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
वरुण के हाथ लगी निराशा : निशानेबाजी में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में भारत के मनीष नरवाल सातवें स्थान पर रहे, जबकि ऊंची कूद की स्पर्धा में भाग लेने वाले एक अन्य भारतीय वरुण सिंह भाटी नौ प्रतिभागियों में सातवें स्थान पर रहे। वरुण ने रियो पैरालिंपिक में कांस्य पदक जीता था, लेकिन इस बार उनके हाथ निराशा लगी।
नंबर गेम :
–10 पदक अब हो गए हैं भारत के टोक्यो पैरालिंपिक में। इनमें दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
–2 पदक अब भारत के निशानेबाजी में पैरालिंपिक के इतिहास में हो गए हैं। दोनों ही पदक इस बार के आयोजन में जीते हैं।
आपको बता दें कि, इससे पहले टोक्यो पैरालिंपिक में भारत के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ था। महिला निशानेबाज अवनि लेखरा ने भारत को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया, जिसके साथ वह पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वालीं भारत की पहली महिला बन गई, तो भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल ने नया विश्व रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भाला फेंक की एक अन्य स्पर्धा में भारत ने दो और पदक जीते, जिनमें दो बार के स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया ने रजत पदक तो सुंदर सिंह गुर्जर ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। चक्का फेंक में योगेश कथूनिया भी रजत पदक जीतने में सफल रहे। इस तरह सोमवार को भारत के हिस्से में पांच पदक आए थे।