
टोक्यो, एजेंसियां। टोक्यो ओलंपिक शुरू होनें में एक हफ्ते से भी कम समय बाकी है औक इसपर कोरोना का साया मंडराने लगा है। ओलंपिक विलेज में शनिवार को कोरोना के पहले मामले की पुष्टि हुई। आयोजकों ने इसकी जानकारी दी है। टोक्यो 2020 के सीईओ तोशीरो मुटो ने ओलंपिक गांव में कोरोना के मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन में शामिल विदेश से आया एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उन्होंने गोपनीयता की चिंताओं का हवाला देते हुए व्यक्ति को लेकर कोई खुलासा नहीं किया।
बता दें कि वैश्विक महामारी के कारण एक साल के लिए स्थगित टोक्यो ओलंपिक का इस साल कड़े क्वारंटाइन नियमों के साथ आयोजन होगा। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होगा। ऐसे मे एथलीट यहां पहुंचना शुरू कर दिए हैं। इस बीच खेल गांव में कोरोना का मामला सामने आने के बाद चिंता बढ़ गई है। टोक्यो 2020 के अध्यक्ष सेको हाशिमोतो का कहना है कि वे खेल गांव में कोरोना के मामले को लेकर चिंताओं को समझते हैं। वे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हर कोई सुरक्षित महसूस करे।
अब तक ओलंपिक खेलों से जुडे़ 40 से अधिक लोग संक्रमित
समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार अब तक ओलंपिक खेलों से जुडे़ 40 से अधिक लोग, जिनमें घरेलू और विदेशी दोनों नागरिक शामिल हैं कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ताजा मामला टोक्यो के तट पर 44-हेक्टेयर एथलीटों के गांव में पाया गया पहला केस है। यहां 11,000 में से अधिकांश प्रतियोगी रहेंगे।
टोक्यो में पहले से ही आपातकाल लागू
कोरोना महामारी के बीच टोक्यो में ओलंपिक के आयोजन का जापान की जनता विरोध कर रही है। उन्हें चिंता है कि विदेशी से आने वाले लोगों के कारण टोक्यो ओलंपिक सुपर-स्प्रेडर इवेंट साबित हो सकता है। इससे जापान की मेडिकल व्यवस्था पर और दबाव पड़ सकता है। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण टोक्यो में पहले से ही आपातकाल लागू है। यहां 22 जुलाई तक आपातकाल लागू रहेगा। टोक्यो में शुक्रवार को कोरोना के 1,271 मामले सामने आए। गुरुवार को 1,308 मामले सामने आए थे, जो छह महीने में सबसे ज्यादा है।
उद्घाटन में 1000 से कम अतिथि होंगे शामिल
टोक्यो ओलिंपिक के उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम में एक हजार से भी कम अति विशिष्ट अतिथियों और विदेशी प्रतिनिधियों के मौजूद रहने की संभावना है। इससे पहले 10 हजार लोगों को प्रवेश देने का फैसला किया गया था, लेकिन यहां कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण इस संख्या में भारी कटौती की गई है। जापान की स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट ने खबर दी कि आयोजक 23 जुलाई को राष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले समारोह के दौरान वहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कटौती का प्रयास कर रहे हैं।
कोरोना से बचाव के लिए कड़े नियम बनाए गए
टोक्यो ओलिंपिक में कोरोना से बचाव के लिए काफी कड़े नियम बनाए गए हैं। खिलाड़ियों को खुद ही अपने गले में पदक डालने होंगे। पदक खिलाड़ी को ट्रे में पेश किए जाएंगे और फिर एथलीट पदक लेकर खुद अपने गले में डालेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ट्रे में इन्हें रखने वाला व्यक्ति दस्ताने पहना हो हो, ताकि यह सुनिश्चित हो कि किसी ने भी पदकों को छुआ नहीं हो। इस दौरान कोई भी एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाएगा और न ही कोई किसी को गले लगाएगा।