
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक में ऐसा शानदार खेल दिखाया जिसने उसे हर तरफ चर्चा का विषय बना दिया है। भारत की बेटियों का यह शानदार प्रदर्शन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। इस टीम ने पहली बार भारतीय महिला टीम को ओलिंपिक हॉकी सेमीफाइनल में पहुंचाया। यह भारत का महिला हॉकी में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कांस्य पदक मुकाबले में भारत को बेहद कांटे के मुकाबले में हार मिली। इस हार के बाद एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसे देखने के बाद हर कोई खेल भावना की तारीफ करते नहीं थक रहे।
शुक्रवार को भारतीय महिला हॉकी टीम ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में खेलने उतरी थी। पहली बार ओलिंपिक मेडल जीतने के करीब पहुंची भारतीय टीम ने अपने पूरे दमखम से मैच खेला लेकिन आखिरी वक्त टीम जीत के करीब पहुंचकर भी इसे हासिल करने से चूक गए।
मुकाबला 3-4 से हारी भारतीय टीम ने सबका दिल जीत लिया। भारत को अपनी बेटियों पर नाज है। इस मैच के बाद ग्रेट ब्रिटेन ने भी माना की यह महिला हॉकी टीम आगे आने वाले सालों में बहुत कमाल का प्रदर्शन करेगी। टीम का भविष्य उज्जवल है।
मैच खत्म होने के बाद ब्रिटेन की गोलकीपर भारतीय खिलाड़ी नेहा को पास आकर उनको हार के बाद संभालने की कोशिश करती नजर आई। नेहा टीम के कांस्य पदक ना जीत पाने की वजह से बेहद निराश थी और मैच खत्म होने के बाद मैदान पर ही बैठकर रोती नजर आई। ब्रिटेन की गोलकीपर ने आकर उनको संभाला उनका हिम्मत बंधा और उनसे इस शानदार खेल के लिए बधाई दी।
वहीं क्रिकेटर वसीम जाफर ने भी इस तस्वीर को शेयर किया है जिसमें पूर्व इंग्लिश ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटफ एक अलग तस्वीर में दूसरे खिलाड़ी को संभालते नजर आ रहे हैं। यह पोस्ट भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने शेयर किया है
इस तस्वीर को बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने भी शेयर किया है।