
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के महासचिव राजीव मेहता ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी है कि जापान के टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भारत का पहला दल कब रवाना होगा। राजीव मेहता ने बताया है कि टोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों का पहला दल 14 जुलाई को एयर इंडिया की चार्टर्ड फ्लाइट से रवाना होगा। मेहता ने बताया कि दल के बाकी सदस्य 16 से 19 जुलाई के बीच रवाना होंगे।
टोक्यो पहुंचने पर सभी एथलीटों और अधिकारियों को तीन दिनों के लिए क्वारंटाइन में रहना होगा। मेहता ने कहा, “वहां पहुंचने पर सभी को तीन दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा। आगमन के दिन को शून्य दिवस कहा जाता है। क्वारंटाइन के बाद हम बाहर निकल सकते हैं। ओलंपिक के लिए भारतीय दल का पहला जत्था 14 जुलाई को एयर इंडिया की चार्टर्ड फ्लाइट से रवाना होगा, जिसमें खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हैं। बाकी अधिकारी 16 से 19 जुलाई के बीच यात्रा करेंगे।”
आपकी जानकारी के लिए बता दें, जापान के टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होना है। इन खेलों का आयोजन पिछले साल होना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण ओलंपिक खेलों के लिए एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, 2021 में होने जा रहे इन खेलों को टोक्यो 2020 यानी ओलंपिक खेल 2020 का नाम मिला है।
टोक्यो पैरालंपिक के लिए 24 खिलाड़ियों का हुआ चयन
नई दिल्ली, पीटीआइ: भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआइ) ने शनिवार को 24 अगस्त से शुरू होने वाले टोक्यो पैरालिंपिक के लिए स्टार भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया और ऊंची कूद एथलीट मरियाप्पन थंगावेलू की अगुवाई में 24 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम की घोषणा की।
झाझरिया और थंगावेलू ने 2016 के रियो पैरालिंपिक में क्रमश : एफ-46 भाला फेंक और टी-42 ऊंची कूद स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता था। उनके अलावा भारतीय पैरालंपिक दल में विश्व रिकार्ड धारक संदीप चौधरी और सुमित भी शामिल हैं।
पीसीआइ की चयन समिति ने 29 और 30 जून को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय ट्रायल (परीक्षण) के बाद टीम का चयन किया। चयन बैठक की अध्यक्षता पीसीआई प्रमुख दीपा मलिक ने की। विश्व पैरा एथलेटिक्स ने भारत को 24 स्थान प्रदान किए हैं जिसमें चार महिला एथलीट शामिल हैं।
अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित साजन प्रकाश
नई दिल्ली, प्रेट्र : भारतीय तैराकी महासंघ (एसएफआइ) ने ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय तैराक साजन प्रकाश के नाम की सिफारिश अर्जुन पुरस्कार के लिए की है। एसएफआइ ने ध्यानचंद पुरस्कार के लिए अनुभवी कोच कमलेश नानावटी का नाम भेजा है। लगातार दूसरे साल साजन प्रकाश का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है जो टोक्यो में अपने दूसरे ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। तपन पाणिग्रही को द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम वर्ग) में नामांकित किया गया है जिन्होंने पैरा तैराकी में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियन तैयार करने में काफी योगदान दिया है।