बिहार

विपक्षी दलों ने बजट से पहले किया हंगामा, विधानसभा के गेट पर प्रदर्शन

पटना

बिहार में आज बजट पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री सह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी नीतीश कुमार की मौजूदा सरकार का बजट पेश करेंगे। माना जा रहा है कि बजट का आकार तीन लाख करोड़ से बड़ा होगा जिसमें इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार लोक लुभावन योजनाओं का प्रस्ताव पेश करेगी। दो दिनों के अवकाश के बाद आज सोमवार को बजट सत्र की कार्रवाई जारी है। इस बीच विपक्षी दल राजद, वाम दल, कांग्रेस के विधायकों ने सदन के बाहर हंगामा प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने हाथ में तख्ती लेकर सरकार से कई मांगें भी की और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए।

लालू-तेजस्वी की पार्टी राजद के विधायकों ने कहा कि यह एनडीए सरकार का अंतिम बजट है। अगली बार तेजस्वी यादव सरकार बजट पेश करेगी। राजद विधायक मुकेश कुमार रौशन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अपने अंतिम बजट में सरकार को बिहार की जनता के लिए दिल खोल देना चाहिए। विधवा पेंशन की रकम बढ़ा कर 1500 रुपए की जाए और बुजुर्गों का पेशन बढाया जाए।

Related Articles

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की माई-बहिन योजना के अनुरूप महिलाओं को प्रति माह 2500 देने की घोषणा करना चाहिए। इसके अलावे दो सौ यूनिट बिजली फ्री और पांच सौ में रसोई गैस सिलेंडर देने का ऐलान करना चाहिए। राजद विधायक रणविजय ने कहा कि अगर सरकार विधवा, विकलांग के पेंशन में बढ़ोत्तरी नहीं करती तो सत्ता छोड़ देना चाहिए।

विपक्षी विधायकों ने यह भी कहा कि एनडीए ने 20 वर्षों तक शासन किया है, अब यह अंतिम बजट है। इसके बाद अगले वर्ष से तेजस्वी यादव बजट प्रस्तुत करेंगे। बिहार में वर्तमान में सरकार का कोई अस्तित्व नहीं है, अराजकता का माहौल व्याप्त है। बिहार में व्यापक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। महागठबंधन के नेताओं ने बजट पेश होने से पहले प्रदर्शन करते हुए कहा कि विपक्षी दल जनहित के सभी मुद्दों को मजबूती और एकता के साथ उठाएंगे और बिहार में अराजकता को नहीं बढ़ने देंगे। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी बजट को लेकर सरकार के सामने कई मांगें रखी थी।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button