Top Newsखेल

ओलंपिक डायरी: टोक्यो रवाना होने से पहले दिल्ली में अभ्यास करेंगी जुडोका सुशीला देवी

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने रविवार को कहा कि जुडोका सुशीला देवी दिल्ली में ही दो अभ्यास सहयोगियों के साथ टोक्यो ओलंपिक की तैयारी करेंगी। टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकीं 48 किग्रा भार वर्ग की इस जुडोका के लिए साई ने नौ जुलाई से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में शिविर की व्यवस्था की है।

सुशीला की अभ्यास में सहयोगी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की उनकी साथी होंगी। इनके अलावा फिजियोथेरेपिस्ट और मसाज करने वाला अभी स्टेडियम परिसर के नए हास्टल में क्वारंटाइन पर हैं। साई ने कहा कि सरकार टोक्यो जाने वाले खिलाड़ियों को हर तरह से सहयोग और उनकी अच्छी तैयारियां सुनिश्चित कर रही है। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 की कांस्य पदक विजेता मोंगियाम कविता देवी (48 किग्रा) और 2018 की राष्ट्रीय चैंपियन निंगथोजाम शारदा (52 किग्रा) उनकी अभ्यास सहयोगी होंगी। सुशीला देवी और उनके कोच जीवन शर्मा राष्ट्रीय राजधानी से ही टोक्यो के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में ही उन्हें कोविड-19 का दूसरा टीका भी लगाया जाएगा। सुशीला की ओलंपिक में स्पर्धा 24 जुलाई को है।

जापान पहुंचा सर्बियाई खिलाड़ी कोविड संक्रमित

टोक्यो, एपी। सर्बिया के नौकायन दल के एक सदस्य को टोक्यो ओलंपिक के लिए जापान पहुंचने पर कोविड-19 परीक्षण में पाजिटिव पाया गया है। जापानी एजेंसी क्योदो ने जापानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अधकारियों के हवाले से रविवार को यह रिपोर्ट दी। अधिकारियों ने कहा कि इस खिलाड़ी को टोक्यो के हनेदा हवाईअड्डे पर ही अलग-थलग कर दिया गया। उनके साथ यात्रा कर रहे चार अन्य को हवाईअड्डे के पास में स्थित होटल में भेज दिया गया है। उन्हें मध्य जापान के नैंटो में अभ्यास शिविर में भाग लेने के लिए जाना था। अधिकारियों ने कहा कि इस अभ्यास शिविर को अब रद किया जा सकता है। पिछले महीने युगांडा के ओलंपिक दल के दो सदस्यों को भी जापान पहुंचने पर कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था, लेकिन टीम के बाकी सदस्यों को अभ्यास शिविर तक यात्रा करने की अनुमति दे दी गई थी।

Show More

khabarbhoomi

खबरभूमि एक प्रादेशिक न्यूज़ पोर्टल हैं, जहां आपको मिलती हैं राजनैतिक, मनोरंजन, खेल -जगत, व्यापार , अंर्राष्ट्रीय, छत्तीसगढ़ , मध्याप्रदेश एवं अन्य राज्यो की विश्वशनीय एवं सबसे प्रथम खबर ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button