देश

फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगे मोदी

नईदिल्ली

भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। अब खबर आई है कि प्रधानमंत्री मोदी जुलाई में फ्रांस का दौरा करेंगे। इस दौरान वह फ्रांस की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी सैन्य परेड बैस्टिल डे परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। भारतीय सेना का एक दल भी इस परेड में शामिल होगा।

दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे
भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंधों को 25 साल पूरे हो रहे हैं। यही वजह है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी को हर साल 14 जुलाई को होने वाली बैस्टिल डे परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का निमंत्रण दिया था, जिसे पीएम मोदी ने स्वीकार कर लिया है।

Related Articles

दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों के इस पड़ाव के पूरे होने के मौके पर भारतीय सुरक्षा बलों का भी एक दल फ्रांस की इस सैन्य परेड में शामिल होगा। भारत और फ्रांस रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, अकादमिक और आर्थिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं और पीएम मोदी का यह फ्रांस दौरा दोनों देशों के संबंधों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

क्या है बैस्टिल डे परेड
14 जुलाई 1789 को सैन्य किले और जेल के रूप में मशहूर बैस्टिल पर गुस्साई भीड़ ने हमला कर उस पर कब्जा कर लिया था। इस घटना को फ्रांसिसी क्रांति की शुरुआत माना जाता है। यही वजह है कि साल 1880 से लगभग हर साल 14 जुलाई को फ्रांस में बैस्टिल डे परेड आयोजित की जाती है। इस दौरान पेरिस में सैन्य परेड निकाली जाती है और आतिशबाजी की जाती है। इस दिन को फ्रांस के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक माना जाता है। यही वजह है कि पीएम मोदी का इस परेड में मुख्य अतिथि बनना भारत-फ्रांस के मजबूत होते संबंधों का उदाहरण है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button