मध्यप्रदेश

आत्म-निर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए पर्यटन का योगदान महत्वपूर्ण : मंत्री सुठाकुर

प्रवासी भारतीयों से की पर्यटन की परिकल्पना को साकार करने की अपील

भोपाल

भारत के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश में सभी प्रवासी भारतीयों का स्वागत करते हुए पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुउषा ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अद्भुत और अनोखा है। मध्यप्रदेश का अध्यात्म और संस्कृति से गहरा नाता रहा है। मंत्री सुठाकुर प्रवासी भारतीय दिवस पर ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में "इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटी इन हार्ट ऑफ इनक्रेडिबल इंडिया" सेशन को संबोधित कर रही थी।

मंत्री सुठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना है कि आध्यात्म ही भारतीय संस्कृति की रीढ़ है। उनकी संकल्पना पर मध्यप्रदेश बड़ी तत्परता और शक्ति के साथ कार्य कर रहा है। पर्यटन और संस्कृति विभाग द्वारा संस्कृति और पर्यटन को जोड़ने की दिशा में कार्य करते हुए विभिन्न नवाचार किए गए हैं। इनमें माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, उज्जैन में महाकाल महालोक का निर्माण और ओंकारेश्वर में आदि गुरू शंकराचार्य की प्रतिमा की स्थापना और न्यास का गठन महत्वपूर्ण है।

मंत्री सुठाकुर ने कहा कि पर्यटन भारतीय संस्कृति की आत्मा है। भगवान आदि शंकराचार्य ने देश में पर्यटन की परंपरा के रूप में तीर्थाटन की संस्कृति को शुरू किया था। इसी तरह पर्यटन और संस्कृति को बढ़ाने में प्रवासी भारतीयों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने सभी प्रवासी भारतीयों से मध्यप्रदेश का भ्रमण और वापस जाकर वहाँ के निवासियों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करने का आग्रह किया। मंत्री सुठाकुर ने प्रवासी भारतीयों से  मध्यप्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए निवेश कर जन्म-भूमि के ऋण से उऋण होने का प्रयास करने का आग्रह भी किया।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी के लिए सब कुछ है। अगर आप अपने परिवार के साथ मध्यप्रदेश आते हैं तो परिवार के सभी सदस्य के लिए यहाँ रुचि अनुसार पर्यटन स्थल और गतिविधियाँ हैं। प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में नवाचार के लिए जाना जाता है। मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन के साथ वैलनेस, वाटर, इको, एग्रो आदि टूरिज्म के नए सेक्टर विकसित हो रहे हैं। प्रदेश में निवेश करने के लिए प्रवासी भारतीय दिवस और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन सर्वश्रेष्ठ अवसर है। शुक्ला ने सभी प्रवासी भारतीयों को मांडू उत्सव, जल महोत्सव और हृदय दृश्यम लोक कला उत्सव सहित रुचि अनुसार प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर आमंत्रित किया।

प्रवासी भारतीय दिवस पर पर्यटन में इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटी पर डेलीगेट्स क्रमश: डी इंडियन होटल कंपनी लिमिटेड की उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं उत्तराखंड की एरिया डायरेक्टर सुकनिका हसरत ने लग्जरी टूरिज्म, एग्जॉटिक हॉस्पिटेलिटी नागपुर प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल अग्रवाला ने वाइल्डलाइफ टूरिज्म, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया के चेयरमेन सुमित सूरी ने हॉस्पिटेलिटी, लंदन के यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर संजीव अग्रवाल ने मेडिकल टूरिज्म और वायरल फीवर (टीवीएफ) के फाउंडर और प्रोड्यूसर अरुणाभ कुमार ने फिल्म पर्यटन पर अपने अनुभवों को साझा किया। सभी ने मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की पारदर्शी और सहयोगी पर्यटन नीति की सराहना की। साथ ही प्रवासी भारतीय दिवस पर पधारे सभी अतिथियों से मध्यप्रदेश में भ्रमण करने और निवेश करने का आग्रह भी किया।

सत्र में प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम एस. विश्वनाथन, अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड विवेक श्रोत्रिय और संबंधित अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय उपस्थित रहे।

 

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button