
नई दिल्ली, जेएनएन। राफेल मामले पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी तकरार तेज होती जा रही है। फ्रांस में इस सौदे में भ्रष्टाचार और पक्षपात के मामले में जांच शुरू हुई है तो कांग्रेस यहां भी जेसीपी की मांग करने लगी है और राहुल गांधी ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को राफेल के मुद्दे पर ही अगला लोकसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली है।
इसके साथ ही भाजपा ने सवाल किया कि कांग्रेस अपने 10 साल के शासनकाल में क्या इसलिए राफेल सौदा नहीं कर पाई क्योंकि गांधी परिवार को उसका वांछित कमीशन नहीं मिला। बिना किसी का नाम लिए राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट किया जिसमें राफेल से निकलती हवा से सफेद दाढ़ी को जोड़ा गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त ‘चौकीदार चोर है’ जैसा नारा गढ़ने वाले राहुल गांधी ने अब ‘चोर की दाढ़ी’ से तंज किया है।
राहुल गांधी के इस पोस्ट पर आपत्ति जताते हुए भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि पहले हर तरह की गाली देने वाले राहुल अब निचले स्तर पर उतर आए हैं। कांग्रेस ने 2019 लोकसभा चुनाव में सारे हथकंडे अपना लिए लेकिन सुप्रीम कोर्ट, सीएजी के साथ-साथ देश की जनता ने उसकी झूठ को नकार दिया। मालवीय ने राहुल को चुनौती दी है कि वह चाहें तो 2024 का चुनाव भी राफेल के मुद्दे पर ही लड़ कर देख लें।
कांग्रेस के फ्रांस में जांच पर सरकार की चुप्पी के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस ने 10 साल के अपने शासनकाल में जब भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन क्षमता में कमी आ रही थी, तब उसने राफेल सौदा क्यों नहीं किया? क्या इसलिए कि गांधी परिवार को उसका वांछित कमीशन नहीं मिला?
पात्रा ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी दूसरों पर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाती है तो यह ठीक नहीं लगता है। कांग्रेस को पहले यह जवाब देना चाहिए कि उसके नेतृत्व वाली सरकार ने 10 साल में यह सौदा क्यों नहीं किया था।
इससे पहले, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सवाल किया कि दो सरकारों के बीच सौदे में जब लाभार्थी सरकार ने किसी भी तरह के भ्रष्टाचार की जांच के आदेश दिए हैं तब वह देश ऐसा आदेश क्यों नहीं दे रहा जिसके सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा की बहुत बातें करते हैं, लेकिन उद्यमी मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करते हैं।
राहुल का आनलाइन सर्वे
राफेल मुद्दे को गरमाने में जुटे राहुल गांधी ने ट्विटर पर इसको लेकर आनलाइन सर्वे भी शुरू किया है। उन्होंने सवाल किया है कि सरकार जेपीसी जांच क्यों नहीं करा रही है साथ ही इसके चार विकल्प दिए हैं। इसमें अपराधबोध, मित्रों को बचाना, जेपीसी को राज्यसभा सीट नहीं चाहिए और ये सभी सही हैं, शामिल हैं।