Uncategorized

झारखंड में बादल छंटने के साथ ही ठंड में हुई बढ़ोतरी

रांची

झारखंड के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। कनकनी बढ़ने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। ठंड बढ़ने के कारण राज्य में कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूल 8 जनवरी तक बंद कर दिए गए है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 7 जनवरी तक सुबह में कोहरे या धुंध के बाद आंशिक बादल छा सकते है। इस दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

राज्य में कक्षा 1 से 5 तक सभी स्कूल बंद
छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने आज से कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूल को बंद रखने का निर्णय लिया है। स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 8 जनवरी तक कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद 9 जनवरी से सामान्य रूप से कक्षा संचालित की जायेगी। इस अवधि में शिक्षक स्कूल में उपस्थित होकर आवश्यक कार्य को निपटाएंगे। गरीब बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कक्षा 1 से 5 के छात्र-छात्राओं को इस अवधि में मध्याह्न भोजन पहले की तरह ही उपलब्ध कराया जाएगा।

सबसे कम डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। राज्य के कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी छाया रहा। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री, जमशेदपुर का 14.2, डालटनगंज का 10.3 डिग्री, बोकारो का 12.1, कोडरमा का 13.2, देवघर का 11.3, गिरिडीह का 16.5 डिग्री, खूंटी का 11.1, रामगढ़ का 11.1 और सिमडेगा का न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान इन जिलों में 19 से 26 डिग्री सेल्सियस डिग्री के बीच रहा।

रांची का तापमान 5 दिनों तक 8 से 11 डिग्री रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रांची और आसपास के इलाके का न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। जबकि अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह में कोहरे या धुंध के बाद आंशिक रूप से बादल छा सकते है। जबकि मौसम शुष्क रहेगा।

रांची में प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था
बढ़ती ठंड के मद्देनजर रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। रांची के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों, चौक-चौराहों पर शाम ढलने के साथ ही लोगों को ठंड से राहत देने के लिए अलाव की व्यवस्था की जा रही है। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को ठंड के मद्देनजर सतर्क रहते हुए अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा निर्देश दिया था। उपायुक्त की ओर से रांची जिले के सभी अंचल अधिकारियों को लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने के लिए आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

KhabarBhoomi Desk-1

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button