
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Tokyo Paralympics 2020: जापान के टोक्यो में जारी पैरालिंपिक खेलों में भारत ने तहलका मचाया हुआ है। सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया और एक के बाद एक चार पदक अपने नाम किए। दिन का पहला पदक 10 मीटर एयर राइफल्स में अवानी लेखरा ने जीता, जिन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दूसरा पदक भारत को सिल्वर मेडल के रूप में डिस्कस थ्रोअर योगेश काथुनिया ने दिलाया। वहीं, दिन का तीसरा और चौथा पदक भाला फेंक खिलाड़ियों ने जीता है। रविवार को खेल दिवस के मौके पर भारत ने तीन पदक अपने नाम किए थे।
भाला फेंक प्रतियोगिता में देवेंद्र झाझरिया और उनके साथ सुंदर सिंह गुर्जर ने टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में सिल्वर और ब्रान्ज मेडल पर कब्जा जमाया है। ये भारत का इस बार के खेलों में छठा और सातवां पदक है। वहीं, पैरालिंपिक में देवेंद्र झाझरिया का ये निजी तौर पर तीसरा पदक है। देंवेंद्र ने जेवलिन थ्रो एफ46 प्रतियोगिता के पाइनल में 64.35 मीटर भाला फेंका, जो उनका पर्सनल बेस्ट स्कोर है। हालांकि, वे पैरालिंपिक खेलों में तीसरा गोल्ड मेडल नहीं जीत पाए। उनको सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा। इससे पहले 40 वर्षीय देवेंद्र झाझरिया 2004 एथेंस पैरालिंपिक और 2016 के रियो पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुके हैं।
टोक्यो पैरालिंपिक में देवेंद्र झाझरिया के साथी सुंदर सिंह गुर्जर ने भी पदक जीता है, जो कि टोक्यो पैरालिंपिक में भारत का सातवां पदक है। सुंदर सिंह गुर्जर ने 64.01 मीटर के भाला फेंककर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। इस तरह सोमवार को भारत ने अब तक चार पदक जीत लिए हैं। जेवलिन थ्रो एफ46 इवेंट में रजत और कांस्य पदक पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा रहा, जबकि स्वर्ण पदक श्रीलंका के हेराथ मुदियानसेला ने जीता है, जिन्होंने 67.79 का बेस्ट स्कोर अपने तीसरे दौर में किया। इसके अलावा वे एक भी बार 63 मीटर का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया और सुंदर एस गुर्जर से बात की, जिन्होंने टोक्यो पैरालिंपिक में रजत और कांस्य पदक जीता है। पीएम मोदी ने टोक्यो पैरालिंपिक में पदक जीतने के लिए उनको बधाई दी और देवेंद्र के समृद्ध प्रयासों को स्वीकार किया और कहा, “आप महाराणा प्रताप की भूमि से हैं और आप भाला फेंकते जा रहे हैं।” उन्होंने सुंदर से कहा, “अपने सुंदर काम कर दिया।”