बिहार

नए मुख्यमंत्री पर फैसला एनडीए के हाथ में, रामकृपाल यादव का बड़ा बयान

 

पटना,

बिहार की सियासत एक बार फिर गर्म होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चल रही अटकलों के बीच बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि एनडीए नेतृत्व ही तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।

जनता दल (यूनाइटेड) में नेतृत्व को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। राम कृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ही जदयू के संस्थापक हैं। उन्होंने याद दिलाया कि समता पार्टी से विकसित होकर जदयू बना और इस पूरी यात्रा में नीतीश कुमार ने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने खुद फैसला लिया है कि अब वे मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे, लेकिन नई सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी तय किया है कि वे पार्टी संगठन की जिम्मेदारी आगे भी संभालते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का सपना है कि साल 2030 तक बिहार एक विकसित राज्य बने। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वे लगातार काम करते रहे हैं और आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राम कृपाल यादव ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में बंगाल बर्बाद हो चुका है और वहां के लोगों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि अत्याचार के कारण जनता डरी हुई है, लेकिन चुनाव में लोग अपने मत का सही इस्तेमाल करेंगे और टीएमसी को हटाकर भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बनाएंगे।

वहीं, वाराणसी में गंगा नदी के बीच नॉन-वेज इफ्तार पार्टी के आयोजन पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गंगा मां के रूप में पूजी जाती हैं और यह एक बेहद पवित्र स्थल है। खासकर बनारस के घाटों पर दुनियाभर से लोग आते हैं। ऐसे स्थान पर इस तरह का आयोजन करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने इसे सनातन और हिंदू धर्म का गंभीर अपमान बताया और कहा कि इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button