बिहार

विदेश में बड़ा हादसा: थाईलैंड के जहाज पर हमला, भागलपुर के इंजीनियर की जान गई

भागलपुर.

ईरान से इजरायल, अमेरिका के संघर्ष के दौरान भारत आ रहे थाई समुद्री जहाज पर हुए हमले में जिले के सन्हौला प्रखंड के पाठकडीह रानी बमिया निवासी सरयुग प्रसाद सिंह के पुत्र मरीन इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह की मौत हो गई। इधर, सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों में शोक के साथ ही आक्रोश भी देखने को मिला।

मृतक के छोटे भाई ई. कृष्णनंदन प्रसाद सिंह स्वजन के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि देवनंदन सिंह पत्नी कुमकुम सिंह के साथ मुंबई में रहते थे। वहां घर बना लिए हैं। उनके एक पुत्र क्षितिज कुमार व पुत्री कोमल कुमारी हैं। दोनों बच्चे जर्मनी व जापान में जॉब करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है और फिर इसमें हमारे देश का एक सपूत शिकार हो गया है, जो अत्यंत निंदनीय है।

युद्ध को लेकर आक्रोश
देवनंदन प्रसाद सिंह काफी मिलनसार थे और जब भी गांव आते थे सभी से मिलते-जुलते थे। छोटा भाई कृष्णनंदन भी इंजीनियर है। जॉब छोड़कर अब घर पर ही रहते हैं। अभी घर पर कोई नहीं है। गोतिया में मायूसी है। ग्रामीण रामकुमार सिंह, मदन सिंह, राम प्रवेश सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए युद्ध को लेकर आक्रोश भी व्यक्त किया। ग्रामीणों की मांग है कि अंतिम दर्शन के लिए शव को गांव लाया जाए। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, जिला कार्यालय मंत्री प्रदीप कुमार, जिला प्रवक्ता विनोद सिन्हा ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार से मांग की है कि उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से भागलपुर लाने की व्यवस्था की जाए। परिवार को मुआवजा देते हुए राजकीय सम्मान के साथ इनका दाह संस्कार हो।

नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा सहित एनडीए परिवार पीड़ित परिवार के साथ है। ईश्वर परिवार को संबल प्रदान करें। सरकार से मांग करने वालों में जिला महामंत्री नितेश सिंह, योगेश पांडे, भाजपा नेता भोला कुमार मंडल, शशि शंकर राय, अभय बर्मन, छठ पटिया मंडल के भाजपा अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, कहलगांव विधानसभा के प्रभारी डॉ. रोशन सिंह आदि शामिल हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button